
MADHUBANI:- महापर्व पर प्रशासन की मेहनत रंग लाई, घाटों की स्वच्छता व्यवस्था की हो रही सराहना
मधुबनी, 13 नवंबर। छठ महापर्व को लेकर मधुबनी जिला प्रशासन की तैयारी इस बार चर्चा में है। जिला प्रशासन ने पहली बार इतने बड़े स्तर पर घाटों की सफाई, खतरनाक गड्ढों की भराई और रास्तों की मरम्मत कराई है, जिसकी आम लोग खुलकर सराहना कर रहे हैं।
वार्ड 40 के पार्षद विभा देवी के प्रतिनिधि साजन सिंह ने बताया कि प्रशासन के निर्देश पर सभी घाटों को साफ-सुथरा करने, खतरनाक गड्ढों को भरने और जलकुंभी हटाने का काम युद्धस्तर पर कराया गया।
उन्होंने बताया कि JCB से पोखर किनारे की जलकुंभी और गंदगी हटाई गई। ट्रैक्टरों से मिट्टी लाकर कीचड़ भरे रास्तों को भरा गया। कई जगह टूटी सड़कों पर मिट्टी डालकर आवागमन लायक बनाया गया।
साजन सिंह ने कहा कि निधि चौक, गंगासागर, काली मंदिर, कोतवाली चौक दुर्गा मंदिर सहित शहर के कई प्रमुख घाटों पर सफाई और मरम्मत का काम हुआ है। उन्होंने कहा कि पहली बार इतनी अच्छी तैयारी देखी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बार व्रतियों को घाट पर जाने में परेशानी नहीं होगी। प्रशासन की इस मेहनत से छठ महापर्व और भी भव्य और सुरक्षित होगा।
साजन सिंह ने जिला प्रशासन और नगर परिषद की टीम को धन्यवाद देते हुए कहा कि व्रतियों की सुविधा के लिए की गई यह तैयारी सच में सराहनीय है।



