
सहरसा राज्य स्तरीय नाट्योत्सव में ‘महाभारत एक्सटेंशन’ का मंचन करेगी मधुबनी इप्टा
मधुबनी -1 अक्टूबर। बिहार इप्टा के तत्वावधान में 2, 3 और 4 अक्टूबर को सहरसा के आर्यावर्त वैली पाठशाला परिसर (जिला परिषद) में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय नाट्योत्सव ‘सच का रंगमंच: रंगों और विचारों का उत्सव’ का आयोजन होने जा रहा है। इसमें भागलपुर, मधुबनी, सहरसा, छपरा, पटना और कटिहार सहित विभिन्न जिलों की इप्टा टीमें अपनी नाट्य प्रस्तुतियां देंगी। उत्सव के दौरान मुख्य नाट्य मंचन के साथ-साथ ‘रंग चबूतरा’ पर गीत, नृत्य, लघु नाटक और ‘रंग-विमर्श’ व ‘थिएटर की बातें, इप्टा के संग’ जैसे युवा संवाद सत्र भी होंगे।
इसमें भाग लेने के लिए मधुबनी इप्टा की टीम 2 अक्टूबर को सहरसा के लिए रवाना होगी। इप्टा का इतिहास आजादी से पहले का है, लेकिन मधुबनी में जन-सरोकार और रंगकर्म की मशाल 1986 में जली थी। तब से ‘मधुबनी इप्टा’ समाज का आईना बनी हुई है। इस मंच पर मधुबनी टीम द्वारा डॉ. वागीश कुमार झा लिखित और रंजीत निर्देशित चर्चित नाटक ‘महाभारत एक्सटेंशन’ का मंचन किया जाएगा।
सचिव रंजीत रॉय ने बताया कि यह नाटक एक चेतावनी है कि जब तक हम खुद अपनी आवाज नहीं बनेंगे, कोई कृष्ण हमें बचाने नहीं आएगा। मधुबनी इप्टा के मंच से यह प्रस्तुति सत्ता के उसी नकाब को नोचने की कोशिश है। दल में रंजीत,रमेश,अभिषेक, प्रभात, सिमरन,रागनी, नित्या,पुष्प,प्रीत, अंजली,पंचम प्रकाश,शिवम, धीरज और प्राची शामिल हैं।



