
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर मधुबनी के DM का जिला वासियों को संदेश, कहा-योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर
मधुबनी – 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर स्थानीय नगर भवन में जिला प्रशासन के तत्वावधान में विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक माधव आनंद, अपर समाहर्ता मुकेश रंजन, उप निदेशक सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी परिमल कुमार तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।कार्यक्रम के प्रारंभ में कला जत्था की टीम द्वारा स्वागत गान एवं योग गीत प्रस्तुत कर योग के महत्व से अवगत कराया गया। इसके बाद प्रशिक्षित योग गुरु के निर्देशन में सामूहिक योगाभ्यास कराया गया।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने जिलेवासियों के नाम अपने संदेश में कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करता है। आज के बदलते परिवेश में स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए योग सबसे सरल एवं प्रभावी उपाय है। जिले के सभी नागरिकों को प्रतिदिन योग करना चाहिए। अपने परिवार एवं समाज को भी योग के प्रति प्रेरित करना चाहिए। स्वस्थ नागरिक ही विकसित समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण की आधारशिला होते हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक माधव आनंद ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है। आज पूरे विश्व में मानव कल्याण का माध्यम बन चुका है। कार्यक्रम के दौरान सेल्फी एवं हस्ताक्षर अभियान का भी आयोजन किया गया, जिसके माध्यम से योग के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। लोगों ने योग को नियमित जीवनचर्या में शामिल करने का संकल्प भी लिया।कार्यक्रम में अपर समाहर्ता मुकेश रंजन द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. हरेंद्र कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा नितेश कुमार पाठक, जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रेम लता, डीपीओ नमामि गंगे आनंद अंकित सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, कलाकारों व नागरिकों ने
हिस्सा लिया।



