
MADHUBANI: कोर्ट कमिश्नर के बचाव में विफल होने पर अपर थानाध्यक्ष सहित छह दरोगा निलंबित
मधुबनी-21 जून। बेनीपट्टी के अधवारी गांव में हुए मामले को लेकर एसपी योगेंद्र कुमार ने बड़ी कार्रवाई की है। एसपी योगेंद्र कुमार ने कोर्ट से प्रतिनियुक्त कमिश्नर के साथ हुई मारपीट के दौरान बचाव नहीं करने पर बेनीपट्टी थाना के अपर थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह सहित छह अवर निरीक्षक को निलंबित किया है। एसपी ने विधि व्यवस्था संधारण के दृष्टिकोण से पुलिस बल के साथ आए अवर निरीक्षक नए लाल प्रसाद, मो अली, जनार्दन ठाकुर, मोहन लाल पासवान और कमलेश राम को निलंबित किया है।
आपको बतादें कि गत 16 जून को सिविल कोर्ट के आदेश पर दखल दिहानी के लिए मजिस्ट्रेट सह अंचलाधिकारी अभिषेक आनंद, अपर थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह के अगुवाई में पुलिस पदाधिकारी और बल अधवारी गये थे। जहां रामचंद्र ठाकुर के संदेहास्पद स्थिति में झुलसने से लोग आक्रोशित हो गए और कोर्ट कमिश्नर के साथ मारपीट की। जिसमें वे जख्मी हो गए थे। इस दौरान आरोप था कि, पुलिस कर्मी कोर्ट कमिश्नर को छोड़कर चले गए। उन्हें बचाने का प्रयास नहीं किया गया।
कोर्ट कमिश्नर के साथ हुई मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद जहां मजिस्ट्रेट के द्वारा बेनीपट्टी थाना में अज्ञात पचास लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। वहीं, लापरवाही पर अब एसपी योगेंद्र कुमार ने बड़ी कार्रवाई कर दी।



