
MADHUBANI:- सरकारी भूमि की सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी सख्त, सभी विभागों को नियमित मॉनिटरिंग का निर्देश
मधुबनी- 26 सितंबर। सरकारी भूमि की सुरक्षा एवं अतिक्रमण रोकने को लेकर जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने जिले के सभी विभागों के पदाधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित सरकारी भूमि की सजग एवं तत्पर होकर नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी भूमि सार्वजनिक संपत्ति है और इसके संरक्षण की जिम्मेदारी संबंधित विभागीय पदाधिकारियों की है। सभी विभाग अपने अधीन भूमि का अद्यतन विवरण रखें, राजस्व अभिलेखों से मिलान करते रहें और समय-समय पर स्थल निरीक्षण करें ताकि किसी प्रकार का अवैध कब्जा या अनधिकृत निर्माण न हो सके।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि यदि कहीं सरकारी जमीन पर अतिक्रमण होता है या अतिक्रमण का प्रयास किया जाता है, तो मामले को गंभीरता से लेते हुए अतिक्रमणकारी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जाए। विहित प्रक्रिया के तहत अतिक्रमणवाद की कार्रवाई कर भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि अतिक्रमण से संबंधित मामलों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। संबंधित अधिकारी अंचल प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें। सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को स्वीकार नहीं किया जाएगा और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।



