
BIHAR:- सोशल मीडिया पर वायरल खेत में लड़की से मारपीट के वीडियो पर मधुबनी पुलिस का स्पष्टीकरण, 4 आरोपियों पर FIR
मधुबनी- 26 सितंबर। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ व्यक्तियों द्वारा एक लड़की के साथ खेत में मारपीट की जा रही है। इस मामले में मधुबनी पुलिस ने आज प्रेस विज्ञप्ति जारी कर अद्यतन प्रतिवेदन दिया है। पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया सेल द्वारा मॉनिटरिंग के दौरान यह वीडियो प्राप्त हुआ था। वरीय पुलिस अधीक्षक ने वीडियो को गंभीरता से लेते हुए लड़की के परिजन से मिलकर जानकारी प्राप्त की और पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं SDPO जयनगर को विधि सम्मत कार्रवाई का निर्देश दिया।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जयनगर द्वारा सत्यापन के लिए पीड़िता के घर जाकर जांच की गई तो परिजनों और आसपास के लोगों ने बताया कि वीडियो करीब एक माह पुराना है। लड़की अपने ही एक पड़ोसी से प्रेम प्रसंग के कारण संदिग्ध स्थिति में खेत में पाई गई थी, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीणों द्वारा उसे पकड़कर उसके परिजन के समक्ष ही मारपीट की जा रही थी।
परिजन ने बताया कि उसी दिन उसी लड़के के साथ, जिसके साथ लड़की का प्रेम प्रसंग था, स्थानीय लोगों द्वारा दोनों की शादी उनकी रजामंदी से करा दी गई। अब वह लड़की अपने ससुराल नेपाल में रह रही है।
पुलिस ने वीडियो में मारपीट करते दिख रहे चारों अभियुक्तों की पहचान कर ली है। इन सभी पर जयनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि शीघ्र ही इनकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
मधुबनी पुलिस ने अपील की है कि नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर करने अथवा उसकी गरिमा व निजता को प्रभावित करने वाली किसी भी फोटो, वीडियो, नाम, पता या अन्य सामग्री को प्रकाशित या प्रसारित करना POCSO Act, JJ Act एवं IT Act के तहत दंडनीय अपराध है।
साथ ही उक्त घटना से संबंधित किसी भी अप्रामाणिक सूचना या अफवाह फैलाकर भ्रम व अशांति उत्पन्न करने वाले व्यक्तियों और सोशल मीडिया अकाउंट्स पर निगरानी रखी जा रही है। उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



