
MADHUBANI:- शिव शक्ति महायज्ञ के लिए कपिलेश्वर में चल रहा यज्ञशाला का निर्माण: संजीव मिश्रा
मधुबनी- 26 मई। आगामी 19 जून से रहिका प्रखंड के कपिलेश्वर स्थान परिसर में आयोजित होने वाले शिव शक्ति महायज्ञ की तैयारी जोरों से शुरु हो गई है। शहर के विभिन्न हिस्सों में पोस्टर, होडिंग लगाई जा रही है। कपिलेश्वर स्थान परिसर स्थित महायज्ञ स्थल पर यज्ञशाला का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।
इसकी जानकारी देते हुए महायज्ञ तैयारी समिति के संजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि महायज्ञ की विविध तैयारी की रुपरेखा बनाई गई है। जिसपर काम शुरु कर दिया गया। महायज्ञ में पार्थिव शिवलिंग की विशेष पूजा की जाएगी। यज्ञ स्थल पर शिव भक्ति में लीन होकर मिट्टी के शिवलिंग बनाना और इसकी पूजा से जन्म-मरण के बंधन से मुक्ति (मोक्ष) प्राप्त होती है। शिव शक्ति महायज्ञ में पार्थिव शिवलिंग बनाने जैसे पवित्र कार्य में अधिक से अधिक लोगों को भाग लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि महायज्ञ में पार्थिव शिवलिंग का पूजन करने का महात्म्य सामान्य दिनों से कई गुना अधिक होता है। स्कंद पुराण, लिंग पुराण और शिव महापुराण में पार्थिव शिवलिंग पूजा से अखंड सौभाग्य, रोग मुक्ति, धन-धान्य और अकाल मृत्यु से रक्षा का वरदान प्राप्त होने का उल्लेख मिलता है। भगवान श्रीराम ने लंका पर विजय प्राप्त करने से पहले समुद्र के किनारे रामेश्वरम में पार्थिव शिवलिंग की पूजा की थी। मिट्टी से शिवलिंग का निर्माण और पूजन करने से सभी सांसारिक और आध्यात्मिक इच्छाएं पूरी होती हैं। कुंडली में स्थित सूर्य, चंद्रमा, राहु-केतु से जुड़े दोषों को शांत करने के लिए यह पूजा प्रभावशाली होता है। घर में सुख-शांति आती है, आपसी प्रेम बढ़ता है और असाध्य रोगों से मुक्ति मिलती है।



