
संदिग्ध राष्ट्रविरोधी गतिविधि के आरोप में मधुबनी से इजहारूल हक गिरफ्तार
मधुबनी- 15 जून। बिहार आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) और मध्य प्रदेश एटीएस की संयुक्त कार्रवाई में मधुबनी जिले के एक व्यक्ति को संदिग्ध राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां मामले की गहन जांच में जुट गई हैं।
एटीएस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान इजहारूल हक (56 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मधुबनी जिले के पंडौल थाना क्षेत्र अंतर्गत नो टोला सरिसवपाही गांव का मूल निवासी है। वर्तमान में वह मधुबनी नगर के उर्दू मोहल्ला स्थित रह रहा था।
बताया गया है कि यह कार्रवाई मध्य प्रदेश एटीएस थाना कांड संख्या 06/2026 के तहत की गई है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 152 तथा गैरकानूनी गतिविधियां (निवारण) अधिनियम (यूएपीए) 1967 की धारा 13(1)(बी) एवं 18 के तहत जांच चल रही है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच और उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों में यह बात सामने आई है कि आरोपी कथित रूप से एक पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में था। हालांकि सुरक्षा एजेंसियां अभी इस संबंध में विस्तृत जांच कर रही हैं और डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण जारी है।
संयुक्त छापेमारी के दौरान आरोपी के कब्जे से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन (रेडमी नोट-5 और ओप्पो) बरामद किए गए हैं। बरामद मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरणों की फॉरेंसिक जांच की जा रही है, ताकि उसके संपर्कों और गतिविधियों के बारे में अधिक जानकारी जुटाई जा सके।
एटीएस ने बताया कि मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है। वहीं,सुरक्षा एजेंसियां इस गिरफ्तारी को महत्वपूर्ण मानते हुए इससे जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही हैं।



