
MADHUBANI:- चहुंओर गूंजा ‘हाथी-घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’, बाल गोपाल के जन्मोत्सव में झूमे श्रद्धालु
मधुबनी- 05 सितंबर। जिले में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर श्रद्धा और उल्लास का माहौल है। मंदिरों और पूजा पंडालों में भक्तों की भीड़ बढ़ती जा रही है। भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप बाल गोपाल के जन्मोत्सव पर पूरी रात मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन के बीच श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में लीन हैं। चहुंओर “हाथी-घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” और “नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयकारे गूंज रहे हैं। रात्रि में बाल गोपाल के जन्म की घड़ी नजदीक आते ही श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर पहुंच गया था। बाल गोपाल के जन्मोत्सव पर आतिशबाज़ी और उल्लास का माहौल बहुत भव्य और आनंददायक साबित हो रहा था।
मध्यरात्रि भगवान श्री कृष्ण का जन्म का शुभ मुहूर्त आते ही मंदिरों और घरों में शंखनाद और जयकारों के साथ खुशियां मनाई गई। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के बाद विशेष पूजा-अर्चना, आरती और भोग लगाया गया। रहिका प्रखंड के अकशपुरा सहित शहर के कई स्थानों पर आकर्षक झांकियां भी सजाई गई हैं, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और नंद-यशोदा के प्रसंगों को दर्शाया गया है।
अकशपुरा पूजा समिति अध्यक्ष रमन कुमार चौधरी,सचिव विपिन कुमार झा, कोषाध्यक्ष चंदन चौधरी,उपाध्यक्ष शिवकुमार झा, मेला प्रभारी मुकेश चौधरी, पवन कुमार झा, कुमरकांत झा, नरेश चौधरी, विमल झा, बैजनाथ झा, ललित झा, विनोद झा व अन्य जुटे है।
श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। बच्चे भी कान्हा और राधा के रूप में सजकर उत्सव में शामिल हो रहे हैं। भक्ति और उल्लास से सराबोर वातावरण में पूरा मधुबनी कृष्णमय नजर आ रहा है।



