
मधुबनी: DSP अंकुर कुमार को दी गयी भावभीनी विदाई
मधुबनी- 16 अक्टूबर।शुक्रवार शाम एससी/एसटी थाना परिसर में एक भव्य विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम की अध्यक्षता एएसपी रश्मि कुमारी ने की। समारोह के दौरान निवर्तमान साइबर डीएसपी अंकुर कुमार को नम आंखों से भावभीनी विदाई दी गई, वहीं नए साइबर डीएसपी नवीन कुमार का गर्मजोशी के साथ स्वागत कर उनका योगदान कराया गया। कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों और सहकर्मियों ने बारी-बारी से निवर्तमान डीएसपी अंकुर कुमार के कार्यकाल, उनकी निष्ठा और उपलब्धियों को याद किया।
समारोह को संबोधित करते हुए एसएसपी योगेंद्र कुमार ने कहा कि अंकुर कुमार ने बेहद कम समय में साइबर थाने में बेहतरीन कार्य करते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय साइबर अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये की ठगी का खुलासा किया गया। इसके अतिरिक्त, देशविरोधी गतिविधियों में संलिप्त आतंकवादियों के खिलाफ भी बड़े और साहसिक ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया।
एसएसपी ने आगे बताया कि साइबर थाने के अलावा अंकुर कुमार ने दो महीने तक बेनीपट्टी डीएसपी और क्राइम ब्रांच में भी अपनी सेवाएं दीं। बेनीपट्टी प्रभार के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ वाले प्रसिद्ध श्रावणी मेले को बिना किसी बाधा के अत्यंत कुशल ढंग से संपन्न कराना उनकी बड़ी प्रशासनिक क्षमता को दर्शाता है।
इस सम्मान समारोह में ग्रामीण एसपी शिवम धाकड़, सदर अनुमंडल पदाधिकारी चंदन कुमार झा, डीएसपी-1 अमित कुमार, डीएसपी-2 कामिनी, जयनगर,बेनीपट्टी, झंझारपुर के अनुमंडल पुलिस अधिकारी, लाइन डीएसपी, ट्रैफिक डीएसपी सहित जिले के विभिन्न थानों के थानाध्यक्ष व पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। सभी ने नए साइबर डीएसपी नवीन कुमार को नए कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।



