
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग लोकतंत्र बचाने की लड़ाई: अमरेंद्र चौरसिया
मधुबनी- 11 अक्टूबर। राजद नेता अमरेंद्र चौरसिया ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लड़ाई किसी एक संगठन की नहीं, बल्कि पूरे देश के लोकतंत्र और वोट के अधिकार की लड़ाई है। बिहार में SIR के नाम पर लाखों गरीब, दलित, अतिपिछड़ा और अल्पसंख्यक मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। यह सीधे तौर पर लोकतंत्र पर हमला है।
वोट चोरी के खिलाफ और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तथा SIR प्रक्रिया को खत्म करने की मांग को लेकर महागठबंधन ने बिहार में आंदोलन कर अपना इरादा जता दिया है। श्री चौरसिया ने कहा कि अनुच्छेद 19 हमें शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार देता है। अगर आयोग नहीं चेता तो राजद और महागठबंधन बिहार में बड़े पैमाने पर आंदोलन करेगा।
दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन को कुचलने की कोशिश की गई है। जंतर-मंतर पर छात्रों द्वारा प्रदर्शन का आह्वान पहले से किया गया था, लेकिन दिल्ली पुलिस ने नई दिल्ली जिले में धरना-प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी। फिर भी आंदोलन को रोकने के लिए 4000 जवान, CAPF की 20 कंपनियां और पिंक फोर्स तैनात की गई, 45 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद कर दिया गया, जो जनता को डराने जैसा है। उन्होंने कहा कि 4 अक्टूबर को मुंबई और दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों, महिलाओं और पत्रकारों को हिरासत में लिया गया। उनके साथ दुर्व्यवहार हुआ, जो निंदनीय है।



