भारत

दिल्ली को 200 ईवी बसें, दिल्ली-करनाल रूट और लेडीज स्पेशल बसों की मिलेगी सौगात

नई दिल्ली- 18 अगस्त। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता बुधवार को 200 नई जीरो-एमिशन इलेक्ट्रिक बसें और दिल्ली-करनाल अंतरराज्यीय इलेक्ट्रिक बस सेवा और 56 डेडिकेटेड ‘लेडीज स्पेशल’ इलेक्ट्रिक बसें की सौगात दिल्ली को देगे। इसके साथ ही दिल्ली विश्वविद्यालय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित कार्यक्रम में डीटीसी के राजघाट डिपो-I में ईवी चार्जिंग स्टेशन का उद्घाटन करेंगे। यहां आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह, सांसद मनोज तिवारी और विधायक सूर्य प्रकाश खत्री शामिल होगे।

दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने मंगलवार को एक विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि 200 नई इलेक्ट्रिक बसों के दिल्ली परिवहन निगम के बेड़े में शामिल होने से बसों की कुल संख्या लगभग 6800 हो जाएगी, जिसमें 4938 इलेक्ट्रिक बसें और 1750 सीएनजी बसें शामिल होंगी। उन्होंने बताया कि इस नए बेड़े में 12 मीटर वाली 88 इलेक्ट्रिक बसें और 9 मीटर वाली 112 देवी इलेक्ट्रिक बसें शामिल हैं।

परिवहन मंत्री ने कहा कि परिवहन विभाग और डीटीसी इलेक्ट्रिक मोबिलिटी पर आधारित एक सुचारू और तय समय-सीमा वाले फ्लीट विस्तार कार्यक्रम को लागू कर रही हैं। इस कार्यक्रम के तहत वित्त वर्ष 2028-29 तक राजधानी दिल्ली में बसों की संख्या बढ़कर लगभग 14000 हो जाने का अनुमान है, जिससे स्वच्छ और सस्टेनेबल शहरी सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र में शहर की राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी स्थिति और ज्यादा मजबूत होगी।

अंतर-राज्यीय इलेक्ट्रिक कनेक्टिविटी को एक नए स्तर पर ले जाते हुए दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) दिल्ली-करनाल रूट पर पांच पूरी तरह से इलेक्ट्रिक, एयर-कंडीशन्ड बसें शुरू करेगा। यह सेवा लगभग 133 किलोमीटर लंबे वन-वे कॉरिडोर पर दोनों दिशाओं में रोजाना 10 ट्रिप की सुविधाएं देगी। परिवहन मंत्री ने बताया कि दिल्ली-करनाल सेवा यात्रियों को इंटर स्टेट यात्रा के लिए एक साफ-सुथरा, आरामदायक और किफायती सेवा का विकल्प प्रदान करेगी। यह रूट महाराणा प्रताप आईएसबीटी, कश्मीरी गेट को सीधे हरियाणा के करनाल से जोड़ेगा, जिसमें सिंघू बॉर्डर, राय, भालगढ़, मुरथल, गन्नौर, समालखा, पानीपत, घरौंदा और मधुबन समेत कई महत्वपूर्ण स्थान शामिल होंगे।

यह नई सर्विस डीटीसी की मौजूदा अंतर-राज्यीय इलेक्ट्रिक बस सेवाओं के विस्तार को और ज्यादा आगे बढ़ाती है। ये बसें दिल्ली को बरौत, सोनीपत, धारूहेड़ा, पानीपत और रोहतक से जोड़ती हैं, जिससे जीरो-एमिशन वाले पब्लिक ट्रांसपोर्ट का नेटवर्क राजधानी दिल्ली की सीमाओं से बाहर तक फैल रहा है।

महिलाओं की सुरक्षा, सुविधा और पहुंच को और ज्यादा बेहतर बनाने के लिए डीटीसी महिलाओं के लिए विशेष तौर पर 56 इलेक्ट्रिक बस सेवाएं शुरू कर रहा है। इनमें ज़्यादा डिमांड वाले 15 रूटों पर ‘लेडीज स्पेशल’ की 30 ट्रिप और 13 रूट पर ‘यूनिवर्सिटी लेडीज स्पेशल’ (यू-एसपीएल) की 26 ट्रिप शामिल हैं।

परिवहन मंत्री ने कहा कि यह विशेष सेवाएं कामकाजी महिलाओं और छात्रों की रोजाना की यात्रा जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाई गई हैं। जिससे खासतौर से पीक आवर्स में ज्यादा सुविधाएं मिलेगी और शहर के रिहायशी इलाकों को रोजगार, कमर्शियल, इंस्टीट्यूशनल और सरकारी हब जैसे नेहरू प्लेस, एम्स, साउथ एक्सटेंशन, आरकेपुरम, कनॉट प्लेस, आईटीओ, दिल्ली सचिवालय, करोल बाग, कश्मीरी गेट और शिवाजी स्टेडियम से जोड़ा जा सकेगा।

यूनिवर्सिटी लेडीज स्पेशल बस सर्विस हिंदू कॉलेज, रामजस कॉलेज, दौलत राम कॉलेज, श्रीराम कॉलेज, एलएसआर, गार्गी कॉलेज, एआरएसडी, हंसराज कॉलेज, एसपीएम कॉलेज, देशबंधु कॉलेज और एजीजीएससीसी जैसे कई प्रमुख संस्थानों के लिए विशेष कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। इन सभी सेवाओं को 100 फीसदी इलेक्ट्रिक देवी बसों से जोड़ने का प्रस्ताव है, जो साफ़-सुथरी आवाजाही और महिलाओं पर केंद्रित पब्लिक ट्रांसपोर्ट सुविधा को एक साथ लाती हैं। विशेष स्टिकर यात्रियों को बस स्टॉप और बस टर्मिनल पर इन खास सेवाओं को आसानी से पहचान करने में मदद करेंगे।

राजधानी दिल्ली के इलेक्ट्रिक मोबिलिटी इको-सिस्टम को और ज्यादा मजबूत बनाने की कोशिशों के तहत डीटीसी ने राजघाट डिपो-I पर एक पब्लिक ईवी चार्जिंग स्टेशन भी बनाया है। लगभग 5.50 करोड़ रुपए की लागत से तैयार यह ईवी चार्जिंग स्टेशन शहर के ईवी इंफ्रास्ट्रक्चर को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!