बिहार

बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर मतगणना जारी, तिरहुत से भाजपा के नरेन्द्र सिंह जीते

पटना- 27 अक्टूबर। बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए मतगणना जारी है। तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नरेन्द्र प्रसाद सिंह ने निर्दलीय उम्मीदवार भूषण झा को पराजित कर दिया है। वहीं, दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज के सुरेश प्रसाद राय की जीत तय मानी जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है। इधर, पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के उम्मीदवारों के बीच कांटे की टक्कर चल रही है।

मुजफ्फरपुर स्थित तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना में भाजपा प्रत्याशी नरेन्द्र प्रसाद सिंह को 2,945 मत मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय उम्मीदवार भूषण झा को 2,351 मत प्राप्त हुए। इस तरह नरेन्द्र सिंह ने 594 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।

पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के नवल किशोर यादव और राजद के डॉ. संजीव कुमार के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। मतगणना की अलग-अलग टेबलों पर दोनों प्रत्याशी एक-दूसरे को टक्कर दे रहे हैं। कुछ टेबलों पर नवल किशोर यादव चार से पांच मतों से आगे हैं, जबकि अन्य टेबलों पर डॉ. संजीव कुमार ने बढ़त बनाई है। पहले दौर की मतगणना में सात टेबलों पर डॉ. संजीव कुमार को 1,253 मत मिले हैं। वहीं, पांच टेबलों की गिनती में नवल किशोर यादव को 864 मत प्राप्त हुए हैं, जबकि दो टेबलों पर मतगणना जारी है।

इस बीच पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना के दौरान धांधली के आरोपों को लेकर हंगामा भी हुआ। करीब 3,500 मतों की गिनती के दौरान विपक्षी उम्मीदवारों ने मतगणना हॉल के अंदर अनियमितता का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर चुनाव पर्यवेक्षक मौके पर पहुंचे। इसके बाद पर्यवेक्षक की सीधी निगरानी में मतगणना दोबारा शुरू कराई गई।

उधर, पूर्णिया में कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना में भाजपा प्रत्याशी एनके यादव बढ़त बनाए हुए हैं। अब तक की गिनती में एनके यादव को 2,493 मत मिले हैं, जबकि राजद के नीतेश कुमार को 1,769, जन सुराज के रजनीश रंजन को 1,534 और कांग्रेस के मनोज कुमार जायसवाल को 204 मत प्राप्त हुए हैं। भाजपा प्रत्याशी अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजद उम्मीदवार से 724 मतों से आगे चल रहे हैं। वहीं, जन सुराज के रजनीश रंजन राजद प्रत्याशी से 235 मत पीछे हैं।

कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत पूर्णिया, कोसी, भागलपुर और मुंगेर प्रमंडलों के कुल 14 जिले आते हैं। इस सीट पर 15 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। गत 23 अक्टूबर को मतदान संपन्न हुआ था। पूर्णिया जिले के 17 मतदान केंद्रों पर 51.87 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!