[the_ad id='16714']

BJP के राष्ट्रीय अधिवेशन में JP नड्डा ने गिनाईं मोदी सरकार की उपलब्धियां

नई दिल्ली- 17 फरवरी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का राष्ट्रीय अधिवेशन शनिवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में शुरू हो गया है। इस मौके पर अधिवेशन में मौजूद जन प्रतिनिधियों और पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नरेन्द्र मोदी सरकार की पिछले 10 साल की उपलब्धियों को गिनाते हुए आगामी लोकसभा चुनाव में तीसरी बार जीतने का आह्वान किया। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछला दशक भाजपा के लिए उपलब्धियों भरा रहा है और लोकसभा चुनाव में हैट्रिक लगाने के लिए पार्टी पूरी तरह से तैयार है।

जेपी नड्डा ने भारत मंडपम में मौजूद करीब 12000 से अधिक प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि 2014 से पहले लोग हमारा उपहास करते थे, वो सोचते थे कि ये संभव नहीं है। लेकिन 2014 के बाद हमारी सरकार बनी और 2019 में फिर से हमारी पार्टी सरकार बनाने में कामयाब रही। सात दशक के भारतीय जनसंघ और भारतीय जनता पार्टी के इतिहास में हमने हर कालखंड देखा है। हमने संघर्ष का काल देखा है, हमने उपेक्षा का काल देखा है, जमानत बचाने के लिए चुनाव लड़ने वाला काल देखा है, हमने आपातकाल देखा है, चुनाव में हारने और जीतने का काल भी देखा है। लेकिन हमें इस बात की खुशी है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछला दशक जो गुजरा, वो उपलब्धियों से भरा रहा।

जेपी नड्डा ने कहा कि आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन गई है। 2014 से पहले हमारी सिर्फ 5 प्रदेशों में सरकारें थीं और लंबे समय तक हम 5-6 पर रुके हुए थे। 2014 के बाद, आज 17 प्रदेशों में एनडीए की सरकारें हैं और 12 प्रदेशों में विशुद्ध भाजपा की सरकार है। 2014 में भाजपा का वोट शेयर 31.3 प्रतिशत था, जो साल 2019 में बढ़कर 37 प्रतिशत हो गया।

उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 80 करोड़ से ज्यादा लाभार्थियों को मुफ्त अनाज मिल रहा है। साथ ही, मोदी सरकार के तहत पिछले दस वर्षों में लगभग 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है। इन लोगों को उड़ने के लिए नए पंख दिए गए हैं। कहानी यहीं खत्म नहीं होती… हर मोर्चे पर चाहे वह स्वास्थ्य हो, बुनियादी ढांचा हो, शिक्षा हो या रोज़गार, मोदी जी का नेतृत्व हर भारतीय के सपनों को पूरा कर रहा है। मोदी जी का नेतृत्व वास्तव में भारत को अद्वितीय तरीके से बदल रहा है।

उन्होंने कहा कि जीवनभर ताकत लगाकर एक विशालकाय पार्टी बनाने में लालकृष्ण आडवाणी जी ने अहम योगदान दिया। इसके अलावा एक लंबा राजनीतिक, सार्वजनिक जीवन जिस सुचिता के साथ जिया, वो हम सब के लिए उदाहरण है। भारत के गृहमंत्री और उप प्रधानमंत्री के तौर पर जो उन्होंने देश की सेवा की, वो भी हमें याद है। ऐसे वरिष्ठतम नेता को ‘भारत रत्न’ से नवाजा गया, उसके लिए मैं प्रधानमंत्री जी को धन्यवाद देता हूं।

जेपी नड्डा ने कहा कि हमें अपने कार्यकर्ताओं की शक्तियों और क्षमताओं पर दृढ़ विश्वास है। हमें अपने बूथों को और मजबूत बनाना है। हमें यह सुनिश्चित करने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा देनी चाहिए कि इस बार हम 400 का आंकड़ा पार कर जाएं। उन्होंने सफल जी20 प्रेसीडेंसी की कहानी, 2023 को ‘अंतररष्ट्रीय बाजरा वर्ष’ बनाने का इतिहास, मंगलयान से चंद्रयान-3 तक की यात्रा, ऐसी प्रत्येक शानदार उपलब्धि केवल पिछले दस वर्षों के दौरान वास्तविकता बन गई। मोदी जी के नेतृत्व में भारत न केवल धरती पर, बल्कि आकाश में भी जगमगा रहा है।

उन्होंने कहा कि जीवाईएएन (गरीब,युवा,अन्नदाता,नारी शक्ति) प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व का मुख्य फोकस रहा है। मोदी जी ने हमारे देश की राजनीति की संस्कृति को चुनौती दी है और बदल दी है। आज भारत अभूतपूर्व परिवर्तन देख रहा है।

lakshyatak
Author: lakshyatak

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!