
बिहार सरकार ने सफाई कर्मियों को दी बड़ी राहत, हड़ताल पर हुई दंडात्मक कार्रवाई वापस लेने का आदेश
पटना- 13 सितंबर। राज्य के नगर निकायों में कार्यरत सफाई कर्मियों के लिए राहत भरी खबर है। बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग ने 30 जुलाई से 6 अगस्त 2026 तक हुई हड़ताल को लेकर सफाई कर्मियों पर की गई दंडात्मक कार्रवाई को वापस लेने का आदेश जारी किया है।
सरकार के अवर सचिव राजेश्वर राज द्वारा 11 सितंबर 2026 को जारी पत्र संख्या – 2954 के अनुसार, सभी नगर आयुक्त (सभी नगर निगम) और सभी कार्यपालक पदाधिकारी (नगर परिषद / नगर पंचायत) को निर्देश दिया गया है। विभाग ने कहा है कि राज्य सरकार द्वारा यह निर्णय लिया गया है कि दिनांक 30.07.2026 से 06.08.2026 तक सफाई कर्मियों द्वारा किए गए हड़ताल के आलोक में उनके विरुद्ध संबंधित नगर निकाय द्वारा की गई दण्डात्मक कार्रवाई शीघ्र वापस ली जाए। साथ ही हड़ताल अवधि में उनकी अनुपस्थिति को देय अवकाश के रूप में स्वीकृत करने का भी निर्णय लिया गया है।
विभाग ने सभी निकायों को इस आलोक में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है।गौरतलब है कि जुलाई-अगस्त में राज्यभर के सफाई कर्मी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर चले गए थे, जिसके बाद कई नगर निकायों ने उनके खिलाफ कार्रवाई की थी। अब सरकार के इस फैसले से हजारों सफाई कर्मियों को राहत मिलेगी।



