
MADHUBANI:- शहर के हनुमान प्रेम मंदिर पर हर्षोल्लास से मनाई गई बाबा गणिनाथ गोविंद पूजा
मधुबनी- 12 सितंबर। स्थानीय स्टेशन चौक स्थित प्रसिद्ध हनुमान प्रेम मंदिर परिसर में शनिवार को बाबा गणिनाथ गोविंद पूजा बड़े ही हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में मनाई गई। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाबा गणिनाथ गोविंद की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। पंडितों द्वारा कथा वाचन किया गया, जिसमें बाबा गणिनाथ के जीवन चरित्र और उनके आदर्शों पर प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर मंदिर को फूलों और रोशनी से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। पूजा के बाद महाप्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। समिति के कैलाश साह ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी श्रद्धा और उत्साह के साथ यह पूजा आयोजित की गई, जो समाज में एकता और भाईचारे का संदेश देती है। इस मौके पर स्थानीय समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।



