
राष्ट्रीय लोक अदालत: मधुबनी और बेनीपट्टी में कुल 1703 मामलों का निष्पादन
मधुबनी- 12 सितंबर। मधुबनी न्यायालय और बेनीपट्टी सिविल कोर्ट परिसर में शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में रिकॉर्ड मामलों का निपटारा हुआ। दोनाों कोर्ट में कुल 1703 मामलों का ऑन स्पॉट निष्पादन किया गया।
मधुबनी न्यायालय में कुल 1332 मामलों में पक्षकारों के बीच 1 करोड़ 20 लाख रुपये से अधिक की राशि पर समझौता हुआ। लोक अदालत में वाहन चालन से जुड़े 450 मामलों का निपटारा किया गया।
डीटीओ ने बताया कि परिवहन विभाग के 247 चालानों का निष्पादन कर 10 लाख रुपये से अधिक की वसूली की गई, जबकि ट्रैफिक पुलिस के 203 चालानों से 3 लाख से अधिक रुपये वसूले गए। जिला कोर्ट में लंबित 551 मामलों का भी निपटारा हुआ। इसमें मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी पीके महथा एवं अधिवक्ता अजय आनंद की पीठ संख्या-02 में सबसे अधिक 279 मामलों का निष्पादन हुआ। इसके अलावा बैंक ऋण से संबंधित 286 मामलों में 40 लाख से अधिक की वसूली हुई, वहीं विभिन्न फाइनेंस कंपनियों के 75 मामलों का भी निष्पादन किया गया।

वहीं बेनीपट्टी सिविल कोर्ट परिसर में शनिवार को अनुमंडल विधिक सेवा समिति के तत्वावधान में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिसको लेकर तीन पीठों का गठन किया गया था। जहां न्यायाधीशों की मौजूदगी में मामलों की सुनवाई कर आपसी सुलहनामे के आधार पर 370 मामलों का निष्पादन कर 76 लाख 90 हजार 200 रुपये समझौता राशि वसूल की गई।
पहले पीठ में अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी बृजनाथ एवं अधिवक्ता सदस्य मनीष कुमार, दूसरे पीठ में अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी मनीष राय एवं अधिवक्ता सदस्य प्रणव कुमार तथा तीसरे पीठ में न्यायिक दंडाधिकारी सह मुंसिफ मनीष रंजन एवं अधिवक्ता सदस्य पवन कुमार राय शामिल थे। इस अवसर पर न्यायाधीशों ने कहा कि 1995 में उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर इस अदालत का गठन किया गया था। सुलहनीय वादों का निपटारा कर लोगों को सरल, सुलभ, सस्ता व त्वरित न्याय दिलाने के लिये राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाता है। लोक अदालत में कोर्ट केस के 1158 में 202 मामलों का निष्पादन कर 5 लाख 66 हजार 140 रुपये, बैंक के 2265 में 162 मामलों का निष्पादन कर 71 लाख 15 हजार 776 रुपए और बीएसएनएल के 223 में 6 मामलों का निष्पादन कर 8 हजार 284 रुपये समझौता राशि वसूल किये गये। उधर, लोक अदालत के कार्यवाही का एसीजेएम, एसडीजेएम सहित अन्य ने जायजा भी लिया। मौके पर प्रभारी प्रशासन आशुतोष ठाकुर, एपीपी दिव्यांश पांडे, विधिक सेवा समिति के मो. सलमान के अलावे अन्य मौजूद थे।



