
पटना में CBI का बड़ा एक्शन, रिश्वत लेते महिला असिस्टेंट कमिश्नर रंगेहाथ गिरफ्तार
पटना- 12 सितंबर। राजधानी पटना में सीबीआई ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। आयकर विभाग के आयकर गोलंबर स्थित कार्यालय में सीबीआई की एंटी करप्शन टीम ने एक महिला असिस्टेंट कमिश्नर को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अधिकारी की पहचान सुनंदा कुमार के रूप में हुई है। उनके साथ रिश्वत के लेन-देन में मदद करने वाली एक महिला क्लर्क को भी सीबीआई ने पकड़ा है।
जानकारी के मुताबिक मामला श्रवण ज्योति विवेकानंद संस्थान नाम के एक एनजीओ से जुड़ा है। एनजीओ ने आयकर विभाग में 12A और 80G प्रमाणपत्र के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि सर्टिफिकेट जारी करने के एवज में असिस्टेंट कमिश्नर ने एनजीओ से 75 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
एनजीओ के प्रतिनिधि ने इसकी शिकायत सीबीएसई से कर दी। सीबीआई ने पहले शिकायत का सत्यापन किया और फिर डीएसपी रूबी चौधरी के नेतृत्व में जाल बिछाया। तय प्लान के तहत शिकायतकर्ता ने 15 हजार रुपये की पहली किस्त दी, जिसे अधिकारी ने क्लर्क के माध्यम से लिया और तभी सीबीआई ने दोनों को पकड़ लिया। सीबीआई ने मौके से रिश्वत की रकम बरामद कर ली है।
बताया जा रहा है कि अधिकारी के घर की तलाशी में करीब दो लाख रुपये और मिले हैं। दोनों को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है। सीबीआई अब जांच कर रही है कि क्या यह अकेला मामला है या पहले भी इस तरह से प्रमाणपत्र के नाम पर वसूली की गई है।



