
BIHAR:- प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना में मधुबनी का देश में 7वां स्थान, संयुक्त सचिव ने दी बधाई
मधुबनी- 12 सितंबर। प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के तहत मधुबनी जिले ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। देश के चयनित 100 जिलों में मधुबनी को 7वां स्थान प्राप्त हुआ है, वहीं बिहार के 7 चयनित जिलों में मधुबनी शामिल है। इस उपलब्धि को लेकर समाहरणालय सभागार में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त सचिव सह मुख्य नोडल पदाधिकारी संजय कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में संयुक्त सचिव ने इस उपलब्धि के लिए जिलाधिकारी आनंद शर्मा और उनकी पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। वहीं, डीएम ने योजना की सतत मॉनिटरिंग कर जिले को देश में नंबर वन बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। डीएम आनंद शर्मा ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से योजना के क्रियान्वयन की बिंदुवार जानकारी दी। बताया गया कि जिले में 23 FPO की सक्रियता, उत्पादक कंपनियों का विस्तार और प्राकृतिक खेती से जुड़े किसानों की सं. 1875 से बढ़कर 2375 होने से जिले का प्रदर्शन मजबूत हुआ है। संयुक्त सचिव ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य कम उत्पादकता वाले जिलों में कृषि विकास को गति देना, किसानों की आय बढ़ाना और आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना है। बिहार से मधुबनी के अलावा दरभंगा, बांका, गया, सिवान, किशनगंज और नवादा जिले शामिल हैं। बैठक में प्रगतिशील किसानों ने अपने अनुभव साझा किए और सुझाव दिए। संयुक्त सचिव ने किसानों को उन्नत किस्म के बीज उपलब्ध कराने, किसान पाठशाला और एक्सपोजर विजिट के माध्यम से ‘किसान ही किसान को पढ़ाए’ कार्यक्रम को बढ़ावा देने का निर्देश दिया।
इसके साथ ही आम के बगीचों में ओल, हल्दी की अंतरवर्ती खेती, मखाना और मत्स्य पालन को बढ़ावा देने, KCC के लिए विशेष कैंप लगाकर अगले दो महीने में युद्धस्तर पर किसानों को आच्छादित करने, रबी 2026 से पहले फसल बीमा योजना के लिए पंचायतवार सर्वेक्षण के निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि जिले में 11 स्थानों पर कुल 427.5 एकड़ चौर का विकास किया गया है। वहीं जलजमाव क्षेत्रों में जलकुंभी से बायो कम्पोस्ट तैयार करने के अनुसंधान पर भी चर्चा हुई। बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी समेत सभी संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।



