
BIHAR:- दरभंगा स्नातक और शिक्षक चुनाव के लिए मधुबनी के 21 प्रखंडों में मतदान 23 अक्टुबर को, DM ने कहा- चुनाव ड्यूटी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी
मधुबनी, 22 अक्टूबर। बिहार विधान परिषद के दरभंगा शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मधुबनी जिले में मतदान की सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। कल 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक जिले के सभी 21 प्रखंडों में मतदान होगा। स्वच्छ, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए आज वाट्सन स्कूल परिसर स्थित खेल भवन-सह-व्यायामशाला में पोलिंग पार्टी, दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग की गई। ब्रीफिंग में सहायक निर्वाची पदाधिकारी-सह-DM आनंद शर्मा और SSP योगेंद्र कुमार ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया।
DM का सख्त निर्देश – SOP का अक्षरशः पालन करें—
DM आनंद शर्मा ने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और निर्धारित SOP का अक्षरशः अनुपालन करें। पूरी सजगता, गंभीरता और टीम भावना से काम करें। निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पोलिंग पार्टियां रवाना—
ब्रीफिंग के बाद सभी पोलिंग पार्टियों ने मतदान सामग्री रिसीव की और निर्धारित वाहनों से अपने-अपने बूथ के लिए रवाना हो गईं। प्रत्येक टीम में पीठासीन पदाधिकारी, P1, P2, P3, माइक्रो ऑब्जर्वर और पुलिस पदाधिकारी शामिल हैं। DM ने सभी पार्टियों को शुभकामनाएं दीं।
जोनल और सेक्टर में बंटी जिम्मेदारी—
विधि-व्यवस्था के लिए जिले के सभी 5 अनुमंडल पदाधिकारियों को जोनल मजिस्ट्रेट और 5 SDPO को जोनल पुलिस पदाधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा 22 अधिकारियों को सेक्टर मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात किया गया है। उन्हें लगातार बूथों का भ्रमण करने और असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
मधुबनी में वोटर और बूथ की स्थिति—
दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र: मधुबनी में कुल 32 मतदान केंद्र। कुल वोटर 29,093 – पुरुष 21,523, महिला 7,570।
दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: मधुबनी में कुल 23 मतदान केंद्र। कुल वोटर 1,707 – पुरुष 1,463, महिला 244।
बूथों के आसपास निषेधाज्ञा—
मतदान के दिन शांति व्यवस्था के लिए बूथ के 100 मीटर के दायरे में धारा 144 लागू रहेगी। सुबह 5 बजे से शाम 6 बजे तक सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। 5 या उससे अधिक लोगों के जमावड़े और हथियार लेकर चलने पर रोक रहेगी। चुनाव कार्य और इमरजेंसी वाहनों को छूट रहेगी।
नियंत्रण कक्ष स्थापित
जिला आपदा शाखा में जिला नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। फोन नंबर 06276-222576। इसके अलावा सभी अनुमंडल मुख्यालयों में भी नियंत्रण कक्ष बनाए गए हैं।
इस मौके पर DDC तुषार कुमार, अपर समाहर्ता (राजस्व) मुकेश रंजन, नगर आयुक्त, उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित कई अधिकारी मौजूद थे।



