
BIHAR:- जनाजा ले जाने के दौरान दर्दनाक हादसा, हाई टेंशन तार की चपेट में आने से आधा दर्जन लोग जख्मी
भागलपुर- 12 जुलाई। जिले के हबीबपुर थाना क्षेत्र में रविवार को जनाजे ले जाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। कब्रिस्तान में दफनाने के लिए ले जाए जा रहे जनाजे के दौरान हाई टेंशन बिजली के तार की चपेट में आने से आधा दर्जन लोग घायल हो गए।
सभी घायलों को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि हबीबपुर के पूर्व मुखिया की पत्नी के इंतकाल के बाद उन्हें सुपुर्द-ए-खाक करने के लिए जनाजा कब्रिस्तान लाया गया था। जनाजे में बड़ी संख्या में लोग शामिल थे। इसी दौरान जनाजे का ऊपरी हिस्सा ऊपर से गुजर रहे हाई टेंशन बिजली के तार की चपेट में आ गया।
तार के संपर्क में आते ही करंट फैल गया, जिससे मौके पर मौजूद आधा दर्जन लोग झुलस गए। हादसे के बाद कब्रिस्तान में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लग गई है।
घायलों में मोहम्मद अल्ताफ उम्र 22 साल, मोहम्मद उमोद उम्र 15 साल, मोहम्मद अफरोज उम्र 38 वर्ष, मोहम्मद खुशहाल उम्र 25 वर्ष, मोहम्मद जब्बार उम्र 40 वर्ष और मोहम्मद शाहबाज उम्र 12 साल शामिल हैं। घटना बिजली विभाग की कथित लापरवाही का परिणाम है। ग्रामीण क्षेत्रों में कई ऐसी जगह 11000 तार लापरवाही स्थिति में लटकता हुआ दिखाई देता है! स्थानीय लोगों ने बताया कि बिजली विभाग के जेई संतोष कुमार को किसी भी तरह की सूचना देने का प्रयास करते हैं। तो वह अधिकारी फोन नहीं उठाते हैं!
घटना के आक्रोश में स्थानीय लोगों ने मामले की स्पष्ट जांच करने दोषियों पर कार्रवाई तथा भविष्य में किसी भी क्षेत्र में ऐसी घटनाएं नहीं हो, इसके लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।



