
SITAMARHI:- मेहसौल में प्रस्तावित अल्पसंख्यक छात्रावास की भूमि का राज्य सुन्नी वक्फ बोर्ड के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी ने किया निरीक्षण
सीतामढ़ी- 12 जुलाई। बिहार राज्य सुन्नी वक्फ बोर्ड के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी मो. अतहर ने शनिवार को जिला अतिथि गृह, राजोपट्टी में वक्फ संपत्तियों की सुरक्षा एवं प्रबंधन को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले की विभिन्न वक्फ संपत्तियों से जुड़े मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी ने सुन्नी वक्फ बोर्ड, सीतामढ़ी के अध्यक्ष गुलाम मुस्तफा उर्फ गौहर शमी को वक्फ संपत्तियों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि वक्फ की भूमि सार्वजनिक एवं धार्मिक उद्देश्य की संपत्ति है, इसलिए इसकी सुरक्षा और संरक्षण सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक के उपरांत मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी ने रुन्नीसैदपुर, गुदरी बाजार तथा मेहसौल पूर्वी वार्ड 28 में प्रस्तावित अल्पसंख्यक छात्रावास के लिए चिन्हित भूमि का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भूमि की अद्यतन स्थिति का आकलन कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि वक्फ संपत्तियों पर अवैध कब्जा करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे सभी अतिक्रमणकारियों को अविलंब भूमि खाली करने का निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित समय के भीतर कब्जा नहीं हटाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मौके पर सचिव साजिद अली खान, गुंजन कुमार, मदरसा रहमानिया मेहसौल के पूर्व अध्यक्ष सह पत्रकार मो. अरमान अली सहित वक्फ बोर्ड के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।



