
BIHAR:- मधुबनी में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की तैयारी पूरी, यात्रा मार्ग पर बनी आकर्षक रंगोली, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मधुबनी- 18 अक्टूबर। शारदीय नवरात्र के समापन के साथ ही मधुबनी शहर में मां दुर्गा की प्रतिमाओं की विसर्जन यात्रा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस उत्सव को भव्य, आकर्षक और शांतिपूर्ण बनाने के लिए प्रशासन और पूजा समितियों ने मिलकर व्यापक इंतजाम किए हैं।
मधुबनी शहर सजा, द्वार पर रंगोली से स्वागत—
विसर्जन मार्ग और शहर के बड़े पूजा पंडालों के मुख्य द्वारों पर जगह-जगह खूबसूरत और आकर्षक रंगोली बनाई गई है। यह रंगोली न सिर्फ श्रद्धालुओं के स्वागत का प्रतीक है, बल्कि नवरात्र उत्सव के उल्लास और मिथिला की सांस्कृतिक पहचान को भी दर्शा रही है। कई जगहों पर युवा कलाकारों ने मिथिला पेंटिंग थीम पर रंगोली बनाई है, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
सुरक्षा और रूट का पूरा प्लान—
जिला प्रशासन और पुलिस बल द्वारा विसर्जन रूट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सभी पूजा समितियों के लिए विसर्जन का मार्ग और समय पहले से तय कर दिया गया है, ताकि जाम और अव्यवस्था न हो। विसर्जन मार्ग के संवेदनशील मोड़ों, चौक-चौराहों और विसर्जन स्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल, महिला पुलिस और दंडाधिकारी तैनात किए गए हैं। भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कंट्रोल रूम सक्रिय किया गया है।
प्रशासन ने सभी समितियों से अपील की है कि वे तय समय-सारिणी का पालन करें और डीजे की तेज आवाज से बचें।
भक्ति में डूबा शहर—
विसर्जन यात्रा के दौरान पारंपरिक ढाक-ढोल, शंख ध्वनि और “बोलो दुर्गा मईया की जय” के जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय बना हुआ है। श्रद्धालु नम आंखों से मां को विदाई दे रहे हैं और अगले बरस जल्द आने की प्रार्थना कर रहे हैं। विसर्जन के लिए शहर के प्रमुख तालाबों और निर्धारित स्थलों पर प्रकाश, बैरिकेडिंग और गोताखोरों की व्यवस्था भी की गई है।



