
MADHUBANI:- जयनगर में SSB और पुलिस की बड़ी संयुक्त कार्रवाई, 55 लाख से अधिक के पटाखे बरामद
मधुबनी- 28 अक्टूबर। भारत-नेपाल सीमा पर तैनात अग्रगामी 48वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (SSB), जयनगर ने बिहार पुलिस और अंचल प्रशासन के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए हैं। बरामद पटाखों की अनुमानित कीमत 55,30,040 (पचपन लाख तीस हजार चालीस रुपये) बताई जा रही है। SSB द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 27 अक्टूबर 2026 को अंचल अधिकारी, जयनगर से प्राप्त आसूचना के आधार पर यह छापेमारी की गई।
टीम ने भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा स्तंभ संख्या 270/15 से लगभग 01 किलोमीटर दूर भारतीय क्षेत्र में जयनगर स्थित चित्रगुप्त कॉलोनी, वार्ड 14, वाटर वेज चौक के निकट एक मकान में छापा मारा। यह मकान राहुल कुमार का बताया गया है, जिसमें संजय महतो द्वारा किराए पर गोदाम लेकर पटाखे रखे गए थे।
गोदाम से भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए गए, जिसकी जब्ती और अन्य कानूनी प्रक्रिया जयनगर पुलिस द्वारा की गई है। इस कार्रवाई के दौरान किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
SSB ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं।



