
MADHUBANI:- घोघरडीहा में ट्रेन नहीं रुकी तो 27 सितंबर को स्टेशन पर धरना, मिथलांचल संघर्ष समिति का ऐलान, DRM को सौंपा पत्र
मधुबनी – 17 सितंबर। मिथलांचल संघर्ष समिति ने घोघरडीहा रेलवे स्टेशन पर लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव सहित 7 सूत्री मांगों को लेकर पूर्व मध्य रेलवे, समस्तीपुर मंडल के DRM को ज्ञापन सौंपा है। समिति के अध्यक्ष सह आप के प्रदेश अध्यक्ष (कार्यक्रम प्रकोष्ठ) इं. गौरीशंकर यादव के नेतृत्व में ज्ञापन दिया गया। मौके पर सचिव धर्मेंद्र कुमार मंडल, संयोजक शंकर झा सहित कई सदस्य मौजूद थे। अध्यक्ष ने कहा कि घोघरडीहा स्टेशन मंडल का सबसे अधिक राजस्व देने वाला स्टेशन है, फिर भी यहां लंबी दूरी की ट्रेनें नहीं रुकतीं, जिससे हजारों यात्रियों को परेशानी हो रही है। मांग पूरी नहीं होने पर 27 सितंबर को सुबह 11 बजे घोघरडीहा स्टेशन पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
7 प्रमुख मांगों में सहरसा-छरहट्टा (14627/28), अमृतसर-कटिहार (05735/36), न्यू जलपाईगुड़ी-अमृतसर (14663/64) का ठहराव, घोघरडीहा से घोघेपुर नई लाइन, पूर्वी गुमटी से किसनीपट्टी संपर्क पथ, परसा-बसुआरी हॉल्ट पर सुविधा विस्तार और चिकना हॉल्ट पर जोगबनी-दानापुर एक्सप्रेस (13211/12) का ठहराव सहित अन्य शामिल है।



