
MADHUBANI:- विद्यालय परिसर में अश्लील गानों पर आर्केस्ट्रा मामले में DM की बड़ी कार्रवाई, 5 नामजद पर FIR
मधुबनी- 17 सितंबर। खजौली प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय मकुनमा के परिसर में अश्लील गानों पर आर्केस्ट्रा एवं डांस कार्यक्रम के वायरल वीडियो को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। जिलाधिकारी आनंद शर्मा के संज्ञान में मामला आते ही त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की गई। डीएम के निर्देश पर जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा जांच कराई गई, जिसके बाद खजौली थाना कांड दर्ज किया गया। प्राथमिकी में 5 लोगों बेचन राम, किशुन राम, रतीश राम, दुर्गेश राम, मुकेश राम सहित अन्य अज्ञात के विरुद्ध लाउडस्पीकर एक्ट 1955 एवं BNSS की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
बतादें कि 15 सितंबर को विद्यालय परिसर में हुए आर्केस्ट्रा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। प्रधान शिक्षक संजय कुमार मंडल को सुबह 8 बजे इसकी जानकारी हुई, जिसके बाद उन्होंने थाना अध्यक्ष को लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की।
डीएम ने कहा कहा कि सरकारी संस्थानों की गरिमा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकारी विद्यालय जनहित से जुड़े संस्थान हैं, इनकी गरिमा अक्षुण्ण रखी जाएगी। बिना अनुमति परिसर का निजी, मनोरंजनात्मक उपयोग कतई स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने DEO एवं सभी SDM को सख्त निर्देश दिया है कि सभी सरकारी परिसरों की सुरक्षा एवं प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराएं और निगरानी व्यवस्था मजबूत करें, ताकि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो।



