
BIHAR:- भारत-नेपाल सीमा पर SSB की बड़ी कार्रवाई, मानव तस्कर महिला गिरफ्तार, दो युवतियों को मुंबई भेजने का आरोप
मधुबनी – 13 सितंबर। भारत-नेपाल सीमा पर मधुबनी जिले के राजनगर अंतर्गत सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने मानव तस्करी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश किया है। सीमा चौकी लगदी पर तैनात 18वीं वाहिनी के जवानों ने नेपाल की दो युवतियों को बहला-फुसलाकर मुंबई भेजने वाली महिला तस्कर को सीमा पार करते वक्त गिरफ्तार किया है।
SSB के अनुसार, पकड़ी गई महिला सुरक्षाकर्मियों को चकमा देने के लिए मानसिक रूप से विक्षिप्त होने का नाटक कर रही थी। घटना शनिवार शाम की है। एक संदिग्ध व्यक्ति अस्थायी चेक पोस्ट पर पहुंचा और जवानों से कहा कि उसे एक लड़की का भूत-प्रेत झाड़-फूंक कराने के लिए नेपाल ले जाना है। वैध पहचान पत्र मांगने पर वह वापस लौट गया। कुछ ही देर बाद एक युवती अजीबोगरीब हरकतें करते हुए चेक पोस्ट पर पहुंची। पहचान पत्र न होने और संदिग्ध व्यवहार पर जवानों ने उसे रोका। पूछताछ में युवती ने अपना नाम मदीना खातून (निवासी – लगदी गढ़ियानी, जिला सिरहा, नेपाल) बताया। इसी बीच सीमावर्ती गांव के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे और बताया कि मदीना दो दिन पूर्व गांव की दो युवतियों शबनम खातून और प्रीति कुमारी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गई थी। प्रीति के पिता राम हृदय यादव ने मौके पर पहुंचकर अपनी बेटी के अपहरण और तस्करी की पुष्टि की।
सूचना पर लदनियां थाना पुलिस और सर्वो प्रयास संस्थान (NGO) की टीम मौके पर पहुंची। संयुक्त पूछताछ में मदीना ने कबूल किया कि उसने दोनों युवतियों को अपनी रिश्तेदार जन्नत खातून के माध्यम से दरभंगा से ट्रेन द्वारा मुंबई भिजवाया है। जन्नत खातून मूल रूप से मधुबनी के खजौली की रहने वाली है और फिलहाल मुंबई में रहती है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि दोनों लड़कियों को विदेश भेजने के नाम पर बेच दिया गया है।
SSB ने आरोपी मदीना खातून को लदनियां थाना पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस ने मानव तस्करी निरोधक कानूनों के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मुंबई भेजी गई दोनों पीड़िताओं की सकुशल बरामदगी और अंतरराज्यीय तस्करी सिंडिकेट से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।



