
BIHAR:- त्रिवेणीगंज से दिल्ली तक गांजा तस्करी का प्लान फेल, झंझारपुर में 73 किलो के साथ दो धराए, लग्जरी कार जब्त
मधुबनी, 29 अक्टूबर। भैरवस्थान थाना पुलिस ने एनएच-27 पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 73 किलो गांजा के साथ दो अंतर्राज्यीय तस्करों को धर दबोचा है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल हो रही कार को भी जब्त कर लिया है।\
प्रभारी थानाध्यक्ष श्याम कुमार गौतम ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि सुपौल के रास्ते भारी मात्रा में गांजा दिल्ली ले जाया जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए खड़रक गांव के समीप एनएच-27 पर घेराबंदी की गई। घेराबंदी के दौरान सुपौल के त्रिवेणीगंज से दिल्ली जा रही एक कार को रोका गया। दंडाधिकारी सह सीओ प्रशांत कुमार झा की मौजूदगी में कार की तलाशी ली गई तो डिक्की और सीट के नीचे छुपाकर रखा गया 73 किलो गांजा बरामद हुआ।
पकड़े गए तस्करों की पहचान सुपौल के त्रिवेणीगंज निवासी सोनू और गोपाल के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने बताया कि खेप को दिल्ली में खपाना था। पुलिस को संदेह है कि गांजा भीमनगर के रास्ते नेपाल बॉर्डर से लाया गया था। दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पुलिस उनके नेटवर्क की जांच कर रही है।



