
मधुबनी शहर में भगवान गणेश की विशाल प्रतिमा होगी आकर्षण का केंद्र, 15 से शुरू होगी 5 दिवसीय पूजा
मधुबनी- 13 सितंबर। स्थानीय लोहापट्टी गणेश पूजा समिति के तत्वावधान में इस वर्ष भी भव्य गणेश पूजा का आयोजन किया जा रहा है। आगामी 15 सितंबर से पांच दिवसीय गणेश पूजा महोत्सव की तैयारी जोरों पर चल रही है। समिति के अनुसार, इस बार श्रद्धालुओं के आकर्षण के लिए भगवान गणेश की विशाल प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जो मुख्य आकर्षण का केंद्र होगी।
पूजा स्थल पर बंगाल के कुशल कारीगरों द्वारा भव्य और आकर्षक पूजा पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। पूजा स्थल पर प्रवेश के लिए आकर्षक तोरण द्वार का निर्माण कराया जा रहा है। पूरे पंडाल में आकर्षक लाइट और फूलों से सजावट का काम चल रहा है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। भीड़ को नियंत्रित करने और सुविधा के लिए पुरुष और महिला दर्शनार्थियों के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार बनाए जा रहे हैं।
साथ ही दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए सूचना कक्ष और खोया-पाया केंद्र भी बनाया जा रहा है। पूजा को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष, सचिव समेत सभी पदाधिकारी और सदस्य दिन-रात जुटे हुए हैं। समिति ने सभी श्रद्धालुओं से पूजा में शामिल होकर पुण्य लाभ लेने की अपील की है।



