
बलिराजगढ़ गोलीकांड: पूर्व मंत्री बोले- संवेदनशील क्षेत्र में दागी पुलिसकर्मी की पोस्टिंग क्यों?
मधुबनी, 04 नवंबर। जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र अंतर्गत बलिराजगढ़ में हुई गोलीबारी की घटना को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। घटना में एक व्यक्ति की मौत और तीन लोगों के घायल होने के बाद पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।
इसी मामले को लेकर पूर्व मंत्री समीर कुमार महासेठ ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए और घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की।
पूर्व मंत्री ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए पुलिसकर्मियों की पोस्टिंग और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए। श्री महासेठ ने कहा कि किसी पुलिसकर्मी को संवेदनशील क्षेत्र में तैनात करने से पहले उसके पुराने रिकॉर्ड की जांच होनी चाहिए। यदि दागी पुलिसकर्मी की पोस्टिंग की गई थी, तो उसकी निगरानी क्यों नहीं की गई? इसका जवाब पुलिस प्रशासन को देना चाहिए।
पूर्व मंत्री समीर कुमार महासेठ ने पीड़ित परिवार के लिए उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है।
बलिराजगढ़ गोलीकांड ने पुलिस की जवाबदेही, कानून-व्यवस्था और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब इस मामले में प्रशासन की आगे की कार्रवाई, निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय मिलने पर सबकी नजरें टिकी हैं।



