
मधुबनी में उद्यमियों की कार्यशाला, सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने का मिला फॉर्मूला
मधुबनी- 04 नवंबर। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विकास कार्यालय, मुजफ्फरपुर, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में शहर के एक होटल के सभागार में खरीद एवं विपणन सहायता योजना के अंतर्गत कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला का शुभारंभ अग्रणी जिला प्रबंधक गजेंद्र मोहन झा, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम-विकास एवं सुविधा कार्यालय के सहायक निदेशक रमेश कुमार यादव, जिला उद्योग केंद्र के उद्योग विस्तार पदाधिकारी हरीश कुमार, डाक निर्यात केंद्र के अशोक कुमार झा, ग्राम विकास परिषद के सचिव व पारंपरिक चित्रकला क्लस्टर के षष्टिनाथ झा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए सहायक निदेशक रमेश कुमार यादव ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय द्वारा संचालित विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी, जिनमें प्रमुख रूप से उद्यम पंजीकरण, शून्य दोष शून्य प्रभाव पंजीकरण, खरीद एवं विपणन सहायता, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले, बार कोड प्रतिपूर्ति योजना तथा सार्वजनिक खरीद नीति आदि शामिल थे।
जिला उद्योग केंद्र के उद्योग विस्तार पदाधिकारी हरीश कुमार ने उद्यमिता विकास, मूल्य निर्धारण रणनीति, बाजार की बदलती प्रवृत्तियों, निर्यात संवर्धन, ई-व्यापार, उत्पाद पैकेजिंग एवं लेबलिंग, ब्रांडिंग तथा बिक्री रणनीतियों के महत्व पर जोर दिया। उद्यमियों को इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाकर अपने व्यवसाय को विकसित करने पर जोर दिया।
सत्यम कुमार ने उद्यमियों को सरकारी ई-बाजार पोर्टल पर पंजीकरण करने, अपने उत्पादों एवं सेवाओं को सूचीबद्ध करने तथा सरकारी खरीद प्रक्रिया में भाग लेकर नए बाजार अवसरों का लाभ उठाने की जानकारी दी।
सहायक महाप्रबंधक, हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद, पटना नीतीश कुमार ने मधुबनी चित्रकला, हस्तशिल्प से जुड़े उद्यमियों को हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन के लिए प्रेरित किया।
अग्रणी जिला प्रबंधक गजेंद्र मोहन झा ने खरीद एवं विपणन सहायता योजना के उद्देश्यों, लाभों तथा उद्यमियों के लिए उपलब्ध अवसरों पर विस्तार से चर्चा की। उद्यमियों को अपने उत्पादों की बाजार पहुँच बढ़ाने, विपणन गतिविधियों को सुदृढ़ करने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यशाला में 130 से अधिक उद्यमियों ने भाग लिया।



