
BIHAR:- गोपालगंज का चैनपुर प्राथमिक विद्यालय संबिलियन से मुक्त, अब स्वतंत्र रूप से होगा संचालित
गोपालगंज- 04 नवंबर। शिक्षा विभाग ने गोपालगंज जिले के बरौली प्रखंड के नवसृजित प्राथमिक विद्यालय, चैनपुर को मध्य विद्यालय, सलोना से संबिलियन से मुक्त कर दिया है। अब यह विद्यालय शिक्षक इकाई सहित अलग से संचालित होगा।शिक्षा विभाग के निदेशक, प्राथमिक शिक्षा कुमार निशांत विवेक ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।
विभागीय पत्र द्वारा नवसृजित प्राथमिक विद्यालय, चैनपुर को मध्य विद्यालय, सलोना में संबिलियन किया गया था।
बाद में जिला शिक्षा पदाधिकारी, गोपालगंज के अनुरोध किया गया कि चैनपुर विद्यालय के लिए वर्तमान में भूमि उपलब्ध है। भवन निर्माण भी कराया जा चुका है, इसलिए उसे संबिलियन से मुक्त किया जाए। इस पर विभागीय निर्देश के आलोक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, गोपालगंज द्वारा विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण कर संबिलियन से मुक्त करने का प्रस्ताव विभाग को उपलब्ध कराया।
उसी प्रस्ताव के आलोक में समीक्षोपरांत नवसृजित प्राथमिक विद्यालय, चैनपुर को मध्य विद्यालय, सलोना से (शिक्षक इकाई सहित) संबिलियन से मुक्त किया जाता है।
आदेश में कहा गया है कि शिक्षा विभाग के पत्र के विहित प्रावधान के आलोक में संबिलियन हेतु जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा की गई अनुवर्ती कार्रवाई को निरस्त किए जाने तथा संबिलियन से मुक्त किए जाने की समुचित आवश्यक कार्रवाई संबंधित जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा की जाएगी। उपरोक्त प्रस्ताव पर माननीय मंत्री, शिक्षा विभाग का अनुमोदन प्राप्त है।



