
बिहार के लिए माडल होगा मधुबनी का ‘स्वच्छता चेतना पार्क’, 14 अगस्त को डीएम एवं मेयर करेंगे उद्धाटन
मधुबनी 12 अगस्त। मधुबनी-पंडौल सड़क मार्ग पर जिलाधिकारी आवास के सामने नवनिर्मित स्वच्छता चेतना पार्क का उद्घाटन 14 अगस्त को जिलाधिकारी आनंद शर्मा एवं मेयर अरुण राय करेंगे। ‘स्वच्छ मधुबनी स्वस्थ मधुबनी’ वाली थीम पर हरियाली और स्वच्छता का संदेश देती स्वच्छता चेतना पार्क बिहार के लिए माडल साबित होगा। शहर और जिलावासी ही नहीं देश के किसी भी हिस्से से शहर में प्रवेश करने वालों के लिए स्वच्छता चेतना पार्क से अपने मन-मस्तिष्क में शहर की स्वच्छता और सुंदरता का संदेश लेकर जाएंगे। स्वच्छता चेतना पार्क लोगों को स्वच्छता का संदेश देने लगा है। पार्क में रंग-बिरंगे लाइट के बीच झरना और उठते फव्वारा, पेवर ब्लॉक, दीवारों पर स्वच्छता पेंटिंग, पेड़-पौधे, हरियाली हर किसी को आकर्षित कर रहा है।
मेयर अरुण राय ने बताया कि पार्क शहर को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित करता है। सभी लोगों को अपने घर की तरह अपने शहर को स्वच्छ रखने का संकल्प लेना होगा ताकि स्वच्छता में अपनी अलग पहचान बना सके। स्वच्छता हमारे जीवन का सबसे अहम हिस्सा है जो हमें अच्छा स्वास्थ्य, शुद्ध पर्यावरण और मानसिक शांति प्रदान करती है। यह बीमारियों से बचाती है। घर-समाज को भी सुंदर और बेहतर बन है। आसपास की सफाई, कूड़े को हमेशा कूड़ेदान में डालना, घर और मोहल्ले को साफ-सुथरा रखना, गंदा पानी इकट्ठा नहीं होने देना चाहिए। शहर में नगर निगम द्वारा ‘स्वच्छ मधुबनी’ थीम पार्क निधि चौक के बाद दूसरा पार्क है।



