
बिहार
MADHUBANI:- पंचायत में मारपीट मामले में मुखिया,सरपंच समेत JDU प्रखंड अध्यक्ष गिरफ्तार
मधुबनी- 19 अप्रैल। कलुआही प्रखंड के मधेपुर पंचायत में शादी को लेकर बुलाई गई पंचायत उस समय हिंसक रूप ले बैठी, जब विवाद के बीच एक युवक के साथ कथित रूप से मारपीट की गई। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पंचायत के मुखिया, सरपंच और जदयू प्रखंड अध्यक्ष समेत सात लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
घटना रविवार सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, एक लड़का-लड़की के विवाह को लेकर गांव में पंचायत का आयोजन किया गया था। हालांकि, लड़का पक्ष द्वारा पंचायत में शामिल होने से इनकार कर दिया गया। इसी बात से नाराज पंचायत में मौजूद कुछ लोगों ने कथित तौर पर लड़के के भाई मो. हसनैन को घर से जबरन पकड़कर पंचायत स्थल पर लाया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। सदर-2 खजौली के एसडीपीओ मनोज राम के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इस टीम में पुलिस निरीक्षक अभय कुमार,कलुआही थानाध्यक्ष पायल भारती तथा खजौली थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस ने मौके से स्थिति को नियंत्रित करते हुए पीड़ित को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कलुआही भेजा। एसडीपीओ मनोज राम ने बताया कि इस मामले में पीड़ित मो. हसनैन के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। अपने बयान में पीड़ित ने आरोप लगाया है कि आकाश चौधरी, घनश्याम चौधरी सहित 7-8 लोगों ने उसे घेर लिया, मारपीट की और जबरन पंचायत स्थल पर ले गए। वहां मौजूद कुछ लोगों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मधेपुर पंचायत के मुखिया दिनेश प्रसाद सिंह, सरपंच रामानंद सिंह,मुखिया पुत्र बसंत सिंह, हेमंत सिंह, राकेश चौधरी तथा जदयू प्रखंड अध्यक्ष उदयकांत चौधरी समेत सात आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इधर, इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस बल को गांव में तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं और आगे की जांच जारी है।



