
MADHUBANI:- नगर निगम क्षेत्र के कई प्रमुख तालाब अतिक्रमण के चपेट में, चहुंओर गंदगी का अंबार
मधुबनी- 19 अप्रैल। शहर के गोवा पोखर, तिलक चौक, सूडी स्कूल तालाब के सौंदर्यीकरण फाइल नगर निगम कार्यालय में अटका पड़ा है। शहर के प्रमुख इन तीन तालाब अतिक्रमण के चपेट में कराह रहा है। करीब एक दशक से इन तालाबों की जमीन पर अतिक्रमण बढ़ता जा रहा है। इन तालाबों के सौंदर्यीकरण के लिए पूर्व में 5 करोड़ 47 लाख रुपये की बजट बनाई गई थी। लेकिन तालाबों का सौंदर्यीकरण कार्य अधर में लटक गया। बता दें कि शहर के तिलक चौक तालाब के एक भिंडा की जमीन पर स्थानीय लोगों ने कब्जा बना रखा है। इस तालाब के दक्षिण मस्जिद जाने वाली सड़क पर भिंडा, सड़क का अतिक्रमित जमीन पर एक दर्जन से अधिक दुकान चल रहा है। दुकानों से निकलने वाला अपशिष्ट तालाब में डाल दिया जाता है। इसकी बदबू इधर से गुजरने वालो को नाकोदम किए रहता है। तालाब में जल की जगह जलकुंभी व गंदगी होने से मच्छरों का प्रकोप बना रहता है।
बतादें कि तत्कालीन नगर परिषद के समय में तिलक चौक तालाब के भिंडा पर नगर परिषद द्वारा मार्केट कांप्लेक्स निर्माण की योजना बनाई गई थी। इसके लिए जमीन की मापी भी कराई गई थी। लेकिन यहां मार्केट कांप्लेक्स का निर्माण नहीं हो सका। यहां मार्केट कांप्लेक्स का निर्माण होता तो नगर निगम को बड़े पैमाने पर राजस्व की प्राप्ति होती। जबकि यहां सालों से अतिक्रमण से निगम को राजस्व की आमदनी नहीं हो रही है। तिलक चौक तालाब सौंदर्यीकरण के लिए 62 लाख की योजना बनाई गई है। तिलक चौक तालाब के जीर्णोद्धार की पहल साल 2019 में स्थानीय डा.गौरीकांत दास के सहयोग से शुरू किया गया था। साल 2020 में मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के तहत तालाब के घाट का पूर्वमंत्री व पूर्व विधायक समीर कुमार महासेठ द्वारा उद्घाटन किया गया। वर्तमान में घाट के आसपास गंदगी और जलकुंभी से पटा है।
नगर आयुक्त ने बताया कि जल जीवन हरियाली योजना के तहत तिलक चौक तालाब सहित अन्य तालाबों का सौंदर्यीकरण की योजना बनाई गई है। तालाबों को अतिक्रमण मुक्त कराई जाएगी।



