
अवैध हथियारों के जखीरे के साथ 2 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार,12 बंदूकें, 28 जिंदा कारतूस बरामद
झालावाड़- 5 दिसंबर। राजस्थान राज्य के दक्षिण-पूर्व में स्थित झालावाड़ जिले की डीएसटी टीम के सहयोग से डग थाना पुलिस ने राजस्थान मध्य प्रदेश सीमा दुधालिया के पास नाकाबंदी के दौरान अवैध फायर आर्म्स के जखीरे के साथ एमपी के दो अंतरराज्यीय हथियार तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से चार पिस्टल,8 देशी कट्टे व 28 जिंदा कारतूस बरामद किया है। आरोपितों से पुलिस आर्म्स व एम्युनेशन राजस्थान में कहां सप्लाई करने व किस घटना में उपयोग के लिए लेकर आए थे एवं इनके पूरे नेटवर्क के बारे में गहनता से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि अवैध हथियार तस्करों व संगठित अपराधों की रोकथाम के लिए जिले भर में अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान जिला स्पेशल टीम को मध्य प्रदेश के खरगोन क्षेत्र से अवैध हथियारों की सप्लाई जिले में होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर डीएसटी टीम प्रभारी दिनेश राठौर, झालावाड़ कोतवाली थाना अधिकारी बलबीर सिंह व डग थानाधिकारी बन्नालाल चौधरी के नेतृत्व में स्पेशल टीम गठित की। स्पेशल टीम ने सफलता हासिल करते हुए डग थाना क्षेत्र के दुधालिया के समीप नाकेबंदी की और बाइक सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली,जिनके पास से अवैध हथियारों का जखीरा जिसमें 4 पिस्टल,8 देसी कट्टे व 28 जिंदा कारतूस बरामद हुए, जिसे पुलिस ने जब्त कर दोनों आरोपितों शिवराम मुजालड़ा निवासी मसानिया जिला धार मध्य प्रदेश व श्री राम मुजलड़ा निवासी मसानिया जिला धार मध्य प्रदेश को आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया।आरोपितों की बाइक भी जब्त की है। पुलिस हथियार तस्करों से पूछताछ कर रही है, कि हथियारों की यह खेप वे झालावाड़ जिले में कहां सप्लाई करने जा रहे थे. ऐसे में पुलिस को अनुसंधान में हथियार तस्करी के बड़े नेटवर्क के बारे में भी खुलासा होने की उम्मीद है।



