
अन्तरराज्यीय गैंग अक्की किलर ग्रुप के 2 बदमाश अवैध हथियार सहित गिरफ्तार
जयपुर- 05 दिसंबर। जयपुर कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (सीएसटी) ने जयपुर शहर में चलाए जा रहे ऑपरेशन एक्शन अगेंस्ट गन (आग) तहत सोडाला और सदर थाना इलाके में कार्रवाई करते हुए अन्तरराज्यीय गैंग अक्की किलर ग्रुप के दो बदमाशों को हथियार सहित गिरफ्तार किया है और उनके पास से अवैध हथियार एक पिस्टल, एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद की है।

पुलिस उपायुक्त (अपराध) परीस देशमुख ने बताया कि जयपुर शहर में चलाए जा रहे ऑपरेशन एक्शन अगेंस्ट गन (आग) तहत सोडाला और सदर थाना इलाके में कार्रवाई करते हुए अन्तरराज्यीय गैंग अक्की किलर ग्रुप के मोहसिन खान (30) निवासी धानका बस्ती हसनपुरा और कुंदन उर्फ कुणाल(21) निवासी हसनपुरा हाल गया बिहार को गिरफ्तार कर उनके पास अवैध हथियार एक पिस्टल,एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस जब्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपित मोहसिन व कुणाल उर्फ कुंदन पूछताछ में सामने आया कि उनकी गैंग अक्की किलर ग्रुप नाम से चल रही है जिसका सरगना अकरम खान है। उनकी गैंग में अकरम खान के साथ एलम खान,निबू खान, विशाल डरोल, ऋतिक मीणा,नैमा खान और मुजम्मिल खान हैं। उनकी गैंग का सोहेल खान हसनपुरा से करीब एक वर्ष से झगड़ा चल रहा है। सोहेल गैंग के सदस्य सोहेल,सलमान कबूतर,शुभम बन्ना, आबिद डीडवाना, राज सोना ,शारुफ केकड़ा, शम्मू खान है। पकड़े बदमाशों को अवैध हथियार उनकी गैंग का सरगना अकरम उपलब्ध कराता है। अक्की किलर ग्रुप की सोहेल खान व अन्य गैंग से रंजिश चल रही है जिसके चलते गैंगवार की आशंका थी और सोहेल खान व अन्य ग्रुप को मारने की फिराक में थे। चूंकि सोहेल ग्रुप द्वारा जून 2021 को अक्की ग्रुप के कुंदन उर्फ कुणाल के पैर तोड़ दिए थे इसी रंजिश के चलते हुए मारने की फिराक में थे। गिरफ्तार अन्तर्राज्यीय गैंग के सदस्यों से अवैध हथियार व अन्य वारदातों के खुलासे की संभावनाओं के चलते पूछताछ की जा रही है।



