ताज़ा ख़बरें

भारत जोड़ो यात्रा में सीएम गहलोत की घोषणा- एक अप्रेल से राजस्थान प्रदेश की जनता को पांच सौ रुपये में मिलेगा गैस सिलेंडर

अलवर- 19 दिसम्बर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने घोषणा की है कि एक हजार पचास रुपये का गैस सिलेण्डर एक अप्रेल से प्रदेश की जनता को आधी रेट पांच सौ रुपये में मिलेगा। प्रदेश के परिवार को प्रति माह एक गैस सिलेंडर पांच सौ रुपये में राजस्थान सरकार देगी। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार उज्ज्वला के नाम पर जनता से छल कर रही है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार उज्ज्वला के नाम पर जनता से जो नौटंकी कर रही है, वह अब आम आदमी जान चुका है। तभी आज उनके द्वारा बांटे गए सिलेण्डर खाली पडे है, क्योंकि इतने महंगे सिलेण्डर भरवाने के लिए लोगों के पास पैसे ही नहीं है। गहलोत सोमवार को अलवर के मालाखेडा में भारत जोडो यात्रा के तहत आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

सीएम ने कहा कि राहुल गांधी की इस यात्रा के माध्यम से देश को एक नई दिशा मिलेगी। आज देश में चारों तरफ महंगाई और बेरोजगारी का आलम छाया हुआ है। उन्होंने कहा कि बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने के उद्देश्य से हमने इन्वेस्ट राजस्थान समिट का आयोजन किया। 11 लाख करोड रुपये के निवेश के साथ अब तक 3 लाख बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराए गए हैं।

सीएम ने कहा कि अलवर जिले सहित प्रदेश की बड़ी समस्या पेयजल पर केन्द्र की मोदी सरकार ओछी राजनीति करने पर उतारू है। उन्होंने कहा कि ईआरसीपी प्रदेश के लिए जीवनदायिनी जल योजना है जिसके माध्यम से लाखों लोगों की प्यास बुझाई जा सकती है लेकिन केन्द्र अपनी संकीर्ण मानसिकता का परिचय देते हुए ईआरसीपी प्रोजेक्ट पर रोडे अटकाने का काम कर रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार हर हाल में जनता के कंठों को तर करने के लिए ईआरसीपी शीघ्र ही शुरू करेगी।

सीएम ने कहा कि राहुल गांधी के अहिंसा मार्ग पर चलते हुए राज्य सरकार ने शांति अहिंसा विभाग खोल दिया। हमारी भावना है कि देश एक रहे, अखंड रहे। देश को एक रखने के लिए इंदिरा गांधी, राजीव गांधी ने बलिदान दे दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के लिए अलग से बजट लेकर आई थी। आगामी बजट युवाओं, छात्रों, बच्चों के लिए अलग से आएगा।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में साम्प्रदायिकता, हिंसा और राजनीति की फसल काटी जा रही है। साम्प्रदायिक ताकतों से देश का विभाजन किया जा रहा है। पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि राहुल की इस यात्रा में लाखों लोग शामिल होकर इतिहास बना रहे है। उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर देश में भारत जोडो यात्रा के माध्यम से एक नई राजनीतिक क्रांति का आगाज होगा।

पूर्व केन्द्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह ने कहा कि राहुल गांधी की इस भारत जोडो यात्रा की देश में नहीं पूरी दुनिया में चर्चा है। महंगाई, बेरोजगारी, नफरत के खिलाफ राहुल की भारत जोड़ो यात्रा देश के आवाम को सुरक्षा की गांरटी देगी। उन्होंने कहा कि सरकारी एजेन्सियों का केन्द्र दुरूपयोग कर रही है, उसका राहुल गांधी के मन में दूर-दूर तक भय नहीं है। वे देश की जनता को एकसूत्र में पिरोने के उद्देश्य से 3500 किलोमीटर की लंबी यात्रा तय कर रहे है।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री टीकाराम जूली ने अलवर की तपोभूमि पर राहुल गांधी के स्वागत में करते हुए कहा कि भारत जोडो यात्रा देश की राजनीति को एक नई दिशा दिखायेगी। उन्होंने देश का भविष्य अन्नदाता किसान के लिए राहुल से मांग करते हुए कहा कि अलवर जिले में प्याज की बंपर पैदावार होती है लेकिन प्याज का उचित मूल्य नहीं मिलने के कारण किसान के माथे पर चिंता की लकीरे है। देश की धरती को सींचने वाले किसान को उचित समर्थन मूल्य मिले।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button