
किउल-गया रेल खण्ड की सभी ट्रेनें रद्द, पसरा सन्नाटा
नवादा- 19 जून। किऊल-गया रेलखंड पर चलने वाली सभी ट्रेनें रद्द कर दी गई है। इसको लेकर नवादा रेलवे स्टेशन पर रविवार को तीसरे दिन भी सन्नाटा पसरा रहा। कुछ यात्रियों को इसकी जानकारी नहीं होने के कारण स्टेशन पर पहुंच गए और अलाउंसमेंट सुनकर घर वापस लौट गए।
स्टेशन की सुरक्षा को लेकर दंडाधिकारी के साथ पुलिस बलों की तैनाती की गई। रेलवे अधिकारी ने बताया कि इसी रेलखंड पर लखीसराय में आंदोलनकारियों ने ट्रेन में आग लगा दी थी। इससे इस रूट की सभी ट्रेनों को रदद् कर दी गई। अगले आदेश तक इस रेलखंड की सभी ट्रेनें रद्द रहेगी।
बता दें कि किऊल-गया रेलखंड पर कुल 8 जोड़ी ट्रेनें परिचालित होती है, लेकिन अगले आदेश तक सभी ट्रेनों को रद्द कर दी गई है। गौरतलब हो कि तीन दिनों पूर्व अग्निपथ योजना के खिलाफ छात्रों ने स्टेशन पर जमकर बवाल काटा था। इसको लेकर स्टेशन की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। आंदोलनकारियों के ट्रेन को निशाना बनाया जाने के कारण ट्रेन रद्द करनी पड़ी। ताकि सरकारी संपत्ति का बड़े पैमाने पर नुकसान ना हो ।लेकिन इससे दूरदराज जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा ।रविवार को भी सैकड़ों की संख्या में यात्री नवादा स्टेशन पहुंच कर अपने घर को वापस लौट गए।



