
BIHAR:- तिलहन प्रसंस्करण को बढ़ावा: तेल मिल स्थापना हेतु आवेदन का मौका, मधुबनी को मिला एक इकाई का लक्ष्य
मधुबनी – 14 सितंबर। राज्य में तिलहन प्रसंस्करण एवं तेल निष्कर्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कृषि विभाग, बिहार द्वारा राष्ट्रीय खाद्य तेल-तिलहन मिशन (NMEO-OS) के तहत तेल मिल की स्थापना हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक एवं पात्र आवेदक 15 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
योजना का मुख्य उद्देश्य तिलहन का मूल्य संवर्धन करना, ग्रामीण स्तर पर रोजगार सृजन और किसानों की आय में वृद्धि करना है। इसके तहत सरसों, तिल, मूंगफली जैसे स्थानीय तिलहनी फसलों के प्रसंस्करण को बढ़ावा मिलेगा, जिससे खाद्य तेल उत्पादन में आत्मनिर्भरता भी बढ़ेगी।
योजना के तहत 10 टन प्रतिदिन क्षमता वाली तेल प्रसंस्करण इकाई की स्थापना पर परियोजना लागत का 33 प्रतिशत अथवा अधिकतम 9.90 लाख रुपये, जो भी कम हो, अनुदान के रूप में दिया जाएगा। हालांकि भूमि की खरीद तथा भवन, शेड निर्माण की लागत को अनुदान में शामिल नहीं किया जाएगा।
जिला कृषि पदाधिकारी सुदामा ठाकुर ने बताया कि जिले को केवल एक तेल मिल स्थापना का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने इच्छुक एवं पात्र आवेदकों से अधिक से अधिक संख्या में आवेदन करने की अपील की है, ताकि योग्य लाभुक को योजना का लाभ मिल सके।
सरकारी अथवा निजी उद्यम, कृषक उत्पादक समूह (FPO/VCP), तिलहन प्रसंस्करण से जुड़े पंजीकृत स्टार्टअप एवं सहकारी समितियां इस योजना के लिए आवेदन कर सकती हैं। आवेदन के लिए डीपीआर, आधार कार्ड, बैंक विवरण,बैंक ऋण स्वीकृति,सहमति पत्र एवं संस्था का पंजीकरण प्रमाण-पत्र अनिवार्य होगा।
इच्छुक आवेदक कृषि विभाग के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जिला कृषि कार्यालय ने किसानों और उद्यमियों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है।



