
MADHUBANI:- जीविका DPM पर वित्तीय अनियमितता के आरोप की उच्चस्तरीय जांच की अनुशंसा
मधुबनी- 13 सितंबर। जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक वसीम अंसारी पर लगाए गए वित्तीय अनिमितता के आरोप की उच्चस्तरीय जांच की अनुशंसा निदेशक,एनईपी, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण ने की है।
जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (DRDA), मधुबनी ने सहयोग पोर्टल पर दर्ज परिवाद संख्या-REF668912 की जांच को लेकर उप विकास आयुक्त को रिपोर्ट सौंपी है। निदेशक,एनईपी, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, मधुबनी द्वारा पत्रांक- 1575/ दिनांक- 20/08/2026 को भेजी गई रिपोर्ट में बताया गया है कि परिवादी प्रदीप कुमार सिंह, 101/B संगीता पैलेस, शिवपुरी, पटना को कार्यालय पत्रांक-1521 दिनांक-10/08/2026 द्वारा 13/08/2026 को DRDA कार्यालय में पक्ष रखने हेतु नोटिस किया गया था, लेकिन वे उपस्थित नहीं हुए और न ही किसी प्रकार का साक्ष्य समर्पित किया।

वहीं, दूसरी ओर परिवाद के आरोपी जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका, मधुबनी ने अपने पत्रांक- 349 दिनांक- 17/08/2026 द्वारा आरोपों के संबंध में प्रतिवेदन समर्पित किया है। पत्र में उल्लेख है कि जीविका द्वारा ग्राम पंचायत स्तर पर गठित ग्राम संगठनों, स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से राशि व्यय की जाती है। इसका दायरा काफी विस्तृत है। ऐसी स्थिति में परिवाद में अंकित विषय की सामान्य जांच संभव नहीं है। ऐसे मामले में ग्रामीण विकास विभाग, बिहार, पटना के स्तर से विस्तृत जांच की आवश्यकता है। वर्णित परिस्थिति में विभागीय विशेष अंकेक्षण दल से जांच की अनुशंसा की जाती है।



