
बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना के काफिले पर बड़ा हमला, 23 से ज्यादा जवानों के मारे जाने का दावा
क्वेटा- 13 सितंबर। बलूचिस्तान में एक बार फिर पाकिस्तानी सुरक्षा बलों को बड़ा झटका लगा है। लासबेला जिले के काशारी-वालपत इलाके में एन-25 नेशनल हाईवे पर पाकिस्तानी सेना के काफिले को निशाना बनाकर IED धमाका किया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक काफिले में फ्रंटियर कॉर्प्स के करीब 15 वाहन शामिल थे जो क्वेटा से कलात की ओर जा रहे थे। काफिला जैसे ही काशारी इलाके से गुजरा, घात लगाकर हमला किया गया। धमाके के बाद एक वाहन में आग लग गई। सुरक्षा सूत्रों का दावा है कि इस हमले में 23 से ज्यादा पाकिस्तानी जवान मारे गए हैं। कई घायल हैं। घायलों को बेला कैंप ले जाया गया है। हमले के बाद पाकिस्तानी एजेंसियों ने एन-25 हाईवे को बंद कर दिया है और इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) की फतेह स्क्वाड ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। BLA प्रवक्ता जीयांद बलोच ने कहा है कि दर्जनों सैनिक मारे गए हैं, जल्द ही विस्तृत जानकारी जारी की जाएगी। यह एक हफ्ते में BLA का दूसरा बड़ा हमला है। इससे पहले 4 सितंबर को जियारत इलाके में हुए हमले में 18-25 जवानों के मारे जाने का दावा किया गया था। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक मरने वालों की संख्या अभियान पूरा होने के बाद बढ़ भी सकती है।



