
कोसी क्षेत्र के विकास की चाबी-घोघरडीहा-जमालपुर रेल लाइन, AAP नेता गौरीशंकर यादव ने रेल मंत्रालय से की सर्वे की मांग
मधुबनी- 13 सितंबर। जिले के घोघरडीहा से जमालपुर होते हुए घोघेपुर तक नई रेल लाइन बिछाने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। यह मांग वर्षों पुरानी है, लेकिन आज तक इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष (कार्यक्रम प्रकोष्ठ) सह मिथलांचल संघर्ष समिति के अध्यक्ष इं. गौरीशंकर यादव ने बताया कि इस रेल लाइन के निर्माण से मधुबनी के घोघरडीहा, फुलपरास, लौकहा क्षेत्र के लोगों को दरभंगा और सहरसा की सीधी कनेक्टिविटी मिल जाएगी। वर्तमान में लोगों को लंबी दूरी तय कर जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि घोघरडीहा-जमालपुर-घोघेपुर नई रेल लाइन का निर्माण होने से न केवल यात्रियों को सुविधा होगी, बल्कि इस पिछड़े क्षेत्र में व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में भी तेजी आएगी। कोसी और मिथिला क्षेत्र के बीच की दूरी कम हो जाएगी। इं. यादव ने कहा कि इस रेल लाइन से कोसी प्रभावित क्षेत्रों का समग्र विकास होगा।
कोसी प्रभावित क्षेत्रों में बाढ़ के दिनों में स्थिति बेहद भयावह हो जाती है। लोगों को महीनों तक पलायन करना पड़ता है, उस समय नाव ही एकमात्र सहारा होता है। बाढ़ के कारण राहत सामग्री भी प्रभावित लोगों तक नहीं पहुंच पाती है, पशुओं के चारा की भारी किल्लत बनी रहती है। रेल लाइन होने से बाढ़ के समय लोगों को सुरक्षित यात्रा की सुविधा मिलेगी, राहत और बचाव कार्य में तेजी आएगी और लोगों का पलायन रुकेगा।स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने रेल मंत्रालय और स्थानीय सांसद से मांग की है कि इस वर्षों से लंबित मांग पर जल्द सर्वे कार्य शुरू कराया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों का दशकों पुराना सपना पूरा हो सके।



