
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर अफ्रीका के तीन प्रमुख नेताओं से PM मोदी की द्विपक्षीय बैठकें, ग्लोबल साउथ और IAFS-IV पर बनी सहमति
नई दिल्ली- 13 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर अफ्रीका के तीन प्रमुख नेताओं के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बैठकें कीं। पीएमओ के अनुसार प्रधानमंत्री ने नाइजीरिया के उपराष्ट्रपति काशिम शेट्टिमा मुस्तफा, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा और अफ्रीकी संघ के अध्यक्ष व बुरुंडी के राष्ट्रपति एवारेस्टे नदाइशिमिये से मुलाकात की। बैठकों में व्यापार, निवेश, रक्षा, डिजिटल प्रौद्योगिकी,स्वास्थ्य, बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग और ‘ग्लोबल साउथ’ की प्राथमिकताओं को मजबूती से उठाने पर सहमति बनी।


दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा के साथ बैठक में रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा की गई। प्रधानमंत्री ने भारत में चीतों के सफल पुनर्वास के संदर्भ में दक्षिण अफ्रीका को इंटरनेशनल बिग कैट अलायंस (IBCA) में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
अफ्रीकी संघ के अध्यक्ष एवारेस्टे नदाइशिमिये के साथ बैठक में वर्ष 2023 में भारत की जी-20 अध्यक्षता के दौरान अफ्रीकी संघ को स्थायी सदस्यता दिलाने की ऐतिहासिक पहल को याद किया गया। दोनों नेताओं ने भारत-अफ्रीकी संघ साझेदारी को ग्लोबल साउथ का प्रमुख स्तंभ बताते हुए चौथे भारत-अफ्रीका फोरम शिखर सम्मेलन (IAFS-IV) के शीघ्र आयोजन पर चर्चा की। पीएम ने इबोला प्रकोप से निपटने में एयू के नेतृत्व की सराहना की, जबकि एयू अध्यक्ष ने अफ्रीका सीडीसी को भारत की चिकित्सा सहायता के लिए धन्यवाद दिया।



