
BIHAR:- भोजपुर में सेवानिवृत्त कस्टम अधिकारी की गोली मारकर हत्या, जैन कॉलेज के पास वारदात
पटना- 15 अक्टूबर। भोजपुर जिले के आरा मुख्यालय में सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले सेवानिवृत्त कस्टम अधिकारी रामकुमार सिंह की अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात शहर के जैन कॉलेज के पास हुई, जहां अपराधियों ने उन्हें छह से सात गोलियां मारीं।
सुबह के व्यस्त समय में हुई इस हत्या से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार रामकुमार सिंह रोजाना सुबह सैर पर निकलते थे और उनका रूट लगभग तय था- जैन कॉलेज होते हुए रमना मैदान की तरफ जाना। आशंका है कि अपराधियों को उनकी दिनचर्या की पहले से जानकारी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैन कॉलेज के सामने पहुंचते ही बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और फायरिंग शुरू कर दी। वारदात को अंजाम देकर हमलावर तेजी से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
*सामाजिक कार्यों में थे सक्रिय*
रामकुमार सिंह कस्टम विभाग से सेवानिवृत्त होने के बाद भी सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय थे। वे रोटरी क्लब के पूर्व सचिव रह चुके थे और वर्तमान में सदस्य थे। उनका जुड़ाव एक क्षत्रिय संगठन से भी बताया जा रहा है।
इसी कारण पुलिस व्यक्तिगत रंजिश, सामाजिक विवाद सहित सभी एंगल से जांच कर रही है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे जमीन विवाद की बात सामने आ रही है। मृतक के पुत्र और पत्नी ने भी जमीनी विवाद की बात कही है।
इस संबंध में सदर एसडीपीओ-1 सुशील कुमार ने बताया कि जमीन विवाद में हत्या की बात सामने आ रही है। मृतक के पुत्र और पत्नी भी जमीनी विवाद बता रहे हैं। हम लोग कार्रवाई कर रहे हैं, जो भी अपडेट होगा जल्द साझा किया जाएगा।



