
BIHAR:- मधुबनी में मद्यनिषेध टीम की बड़ी कार्रवाई, दो जगह से 107 कार्टन विदेशी शराब जब्त, 960 लीटर बरामद
मधुबनी, 14 अक्टूबर। दुर्गा पूजा से पहले मधुबनी में मद्यनिषेध विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है।झंझारपुर में दो अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर कुल 107 कार्टन विदेशी शराब जब्त की गई है, जिसकी मात्रा करीब 960 लीटर बताई जा रही है। मद्यनिषेध विभाग को सूचना मिली थी कि अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से विदेशी शराब का भंडारण किया गया है। सूचना पर टीम ने झंझारपुर में दो जगह छापा मारा। बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है। मामले में मकान मालिक के विरुद्ध मद्यनिषेध थाना झंझारपुर में प्राथमिकी दर्ज की गई है। फिलहाल आरोपित फरार बताए जा रहे हैं, उनकी तलाश जारी है।
जनवरी से अब तक 23 हजार छापेमारी
जिले में अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चल रहा है। विभाग के अनुसार 1 जनवरी 2026 से 13 अक्टूबर 2026 तक कुल 23,005 छापेमारी। 3,363 अभियोग दर्ज। 3,340 लोगों की गिरफ्तारी। कुल 94,483.935 लीटर शराब जब्त। जिसमें 72,559.750 लीटर देसी और 21,924.185 लीटर विदेशी शराब है। 29.242 किलो गांजा, 5.600 किलो अन्य मादक पदार्थ। अवैध कारोबार में लगे 435 वाहन जब्त।
DM ने दिया अलर्ट रहने का निर्देश—
दुर्गा पूजा को लेकर जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने मद्यनिषेध और पुलिस अधिकारियों को अलर्ट एंड एक्टिव रहने का सख्त निर्देश दिया है। उन्होंने कहा है कि पर्व-त्योहार के दौरान शांति, विधि-व्यवस्था और शराब तस्करी पर रोक प्रशासन की प्राथमिकता है। DM ने निर्देश दिया है कि अवैध शराब के भंडारण स्थलों, आपूर्ति मार्गों और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए, सूचना मिलते ही त्वरित छापेमारी की जाए और संलिप्त लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।



