
जमुई में 3400 करोड़ का होगा औद्योगिक निवेश, 10 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार: CM सम्राट
जमुई- 03 अक्टूबर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जमुई जिले के चकाई प्रखंड स्थित निर्माणाधीन अंकुर बायोकेम प्राइवेट लिमिटेड एथेनॉल प्लांट का निरीक्षण किया और परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार को उद्योग और स्किल का हब बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। जमुई जिले में विभिन्न औद्योगिक परियोजनाओं के माध्यम से लगभग 3,400 करोड़ रुपये का निवेश होगा, जिससे 10 हजार से अधिक प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि चकाई में औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए करीब 9,000 एकड़ भूमि चिह्नित की गई है। उन्होंने अधिकारियों को 10 से 12 दिनों के भीतर भूमि की मैपिंग तथा 30 अक्टूबर तक भूमि का पूरा ब्यौरा तैयार करने का निर्देश दिया।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने लछुआर मंदिर एवं गढ़ी डैम को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए, ताकि जिले में औद्योगिक विकास के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सके।



