
MADHUBANI:- नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने रक्तदान कर किया शिविर का उद्घाटन, 42 यूनिट रक्त संग्रह
मधुबनी- 04 अक्टूबर। ब्लडप्लस समूह, मधुबनी के तत्वावधान में रविवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर सह रक्तवीर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने स्वयं रक्तदान कर किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान महान सामाजिक कार्य है, जो आपात स्थिति में किसी जरूरतमंद की जान बचा सकता है। उन्होंने स्वस्थ लोगों से नियमित रक्तदान की अपील की। रक्तदान के बाद समूह की ओर से राजीव झा ने मनोज कुमार को प्रमाण-पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
शिविर में कुल 42 यूनिट रक्त का संग्रह ब्लड बैंक, मधुबनी द्वारा किया गया। शिविर के आयोजन में पप्पू यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एलिट इंस्टीट्यूट, पंडौल के कई शिक्षकों, डीपीएस मधुबनी के निदेशक राजीव कुमार सिंह, धनराज मंडल, संतोष सिंह सहित बड़ी संख्या में लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। सभी रक्तवीरों को ब्लडप्लस समूह की ओर से राजीव झा, पप्पू यादव, गौरव भारद्वाज सहित अन्य सदस्यों ने सम्मानित किया।



