
MADHUBANI:- सोशल मीडिया पर हथियार लहराकर वीडियो बनाना पड़ा महंगा, एक गिरफ्तार, दो बालक निरुद्ध, देशी कट्टा बरामद
मधुबनी- 04 अक्टूबर। सोशल मीडिया पर अवैध हथियार लहराते हुए वीडियो पोस्ट करने के मामले में बिस्फी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को एक अवैध देशी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया है।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार 02 अक्टूबर को सोशल मीडिया सेल के माध्यम से थानाध्यक्ष बिस्फी को एक वीडियो प्राप्त हुआ था। वीडियो में कुछ युवक अवैध हथियार लहराते और नृत्य करते हुए नजर आ रहे थे।
सत्यापन के बाद पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान प्रियांशु कुमार पिता नंदकिशोर यादव, साकिन धज्वा थाना बिस्फी और एक बालक को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने वीडियो बनाकर अपलोड करने की बात स्वीकार की और बताया कि हथियार औसी थाना क्षेत्र के एक बालक के पास है।
पुलिस टीम ने उक्त बालक के घर घेराबंदी कर उसे पकड़ा। उसकी निशानदेही पर विक्रम यादव उर्फ रोहित के घर छापेमारी की गई। छापेमारी में घर में रैक के नीचे रखे बक्से से एक अवैध देशी कट्टा बरामद हुआ, जबकि एक युवक अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।
इस संबंध में बिस्फी थाना में कांड दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।



