
MADHUBANI:- नरहिया में डायल-112 की कार्रवाई, देशी कट्टा और 25 कारतूस के साथ 1 गिरफ्तार
मधुबनी- 04 अक्टूबर। वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार नरहिया थाना की डायल-112 टीम ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध देशी कट्टा और 25 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। 03 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि ग्राम बनगामा निवासी नितीश मुखिया अपनी झोपड़ी में अवैध हथियार छिपाकर रखा है। सूचना के सत्यापन के बाद डायल-112 टीम ने झोपड़ी की घेराबंदी कर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान चौकी पर बैठे युवक ने अपना नाम नितेश कुमार उर्फ नितीश मुखिया, पिता कुलदेव मुखिया, निवासी बनगामा बताया। उसके तकिये के पास मिले पर्स से एक जिंदा कारतूस और लोहे का नुकीलादार पंजा (फाइटर) बरामद हुआ। चौकी के नीचे प्लास्टिक की बाल्टी में गमछी से ढककर रखा एक देशी कट्टा और काले रंग के बिन्डोलिया में बने 24 खानों में 24 जिंदा कारतूस मिले। कुल 25 कारतूस बरामद हुए।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह गांव में धमकाने और रौब जमाने के लिए हथियार रखता था। इस संबंध में नरहिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध नरहिया थाना कांड संख्या 220/20 (धारा 302/34) और कांड संख्या 104/25 (आर्म्स एक्ट) पहले से दर्ज है।



